सीएम बीरेन सिंह पूरी तरह से सुरक्षित
मणिपुर में एक बार फिर से हिंसा का दौर लौट आया है. गुस्साए लोगों ने मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के निजी आवास पर भी हमला कर दिया. मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह उस समय घर में नहीं थे. वो अपने ऑफिस में थे और पूरी तरह से सुरक्षित हैं.मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार शाम को प्रदर्शनकारियों ने मयांग इंफाल में भाजपा विधायक कोंगखाम राबिंद्रो के पैतृक घर पर तोड़फोड़ की। इस दौरान विधायक घर पर नहीं मिले। विधायक के पिता ने लोगों को समझाया। उन्होंने कहा कि वह जो भी संदेश होगा, अपने बेटे को दे देंगे। भीड़ राज्य में विकास के संबंध में भाजपा विधायक का रुख जानना चाहती थी। इससे पहले भीड़ ने इंफाल में विधायक के दूसरे घर पर हमला किया था और आग लगा दी थी। मणिपुर में हालात लगातार नाजुक बने हुए हैं। सैन्य बलों के अभियान में कुकी-जो समुदाय के 10 विद्रोहियों के मारे जाने के बाद जिरिबाम में मैतेई समुदाय के छह लोगों की लाशें मिलने से पूरे राज्य में जबरदस्त तनाव है। बताया गया है कि आतंकियों की तरफ से मैतेई समुदाय की तीन महिलाओं और तीन बच्चों का एक कैंप से कथित तौर पर अपहरण करने के बाद इन्हें मौत के घाट उतार दिया गया था। इसके बाद से ही पूरे क्षेत्र में हिंसा भड़क उठी और मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के दामाद समेत कई विधायकों और नेताओं के घरों को निशाना बनाया गया।