मध्य प्रदेश में बीजेपी अध्यक्ष के लिए उल्टी गिनती शुरू, जानिए कब हो सकता है ऐलान
मध्य प्रदेश में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के लिए एक अदद काबिल नेता की तलाश अब खत्म होने पर है. माना जा रहा है कि होलाष्टक लगने से पहले मध्य प्रदेश में बीजेपी को नया अध्यक्ष मिल जाएगा. प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए प्रभारी बनाए गए केन्द्रीय मंत्री धर्मेंन्द्र प्रधान के मध्य प्रदेश दौरे के साथ ये प्रक्रिया तेज होगी. पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का नाम फिर सुर्खियों में आ गया है. बीते दिनों नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात के लिए बीजेपी के तमाम दिग्गज नेता उनके निवास पर पहुंचे थे.हालांकि इस बीच वीडी शर्मा से लेकर डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल तक दिल्ली दौड़ लगा चुके हैं. बाकी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के ठीक पहले केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मध्य प्रदेश दौरे को भी इस चुनाव में अहम कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है.
कब हो सकता है प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष का एलान
मध्य प्रदेश में बहुप्रतीक्षित बीजेपी अध्यक्ष के नाम का ऐलान अब जल्दी होता दिखाई दे रहा है. असल में पहले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की वजह से ये एलान आगे बढ़ा था, लेकिन अब माना जा रहा है कि जनवरी में हो जाने वाला ये ऐलान अब आगे बढ़ते-बढ़ते मार्च में हो ही जाएगा. जानकारी के मुताबिक होलाष्टक लगने से पहले ही यानि मार्च के पहले सप्ताह में बीजेपी मध्य प्रदेश के अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को पूरा कर लेना चाहती थी.