Homeslider news,अपना मध्यप्रदेश,
रक्षा मंत्री राजनाथ बोले- 'जनसेवा हमारे डीएनए में', पचमढी में भाजपा सांसद-विधायक प्रशिक्षण का समापन

पचमढ़ी में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं विधायकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह के संबोधन के साथ हुआ। समापन सत्र में राजनाथ सिंह ने कहा कि जनता की सेवा भाजपा की पहचान है। उन्होंने कहा कि हम जनसेवक हैं, शासक नहीं। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जो विचारों से नहीं भटकती। राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सदैव संगठन से जुड़े रहें, क्योंकि संगठन सत्ता से पहले भी था। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल आधार जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं का परिश्रम है। 'महापुरुषों की विचारधारा को आगे बढ़ाएं और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। यह संदेश देते हुए उन्होंने जोर दिया कि सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि सेवा ही भाजपा का उद्देश्य है।राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और गरीब कल्याण जैसे मूल तत्व आज भी ज्यों के त्यों कायम हैं। पार्टी के लिए विचारधारा सर्वोपरि है। अटल जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और कुशाभाऊ ठाकरे जैसे नेताओं ने जो मार्ग दिखाया, वह आज भी हमारी दिशा है। आज भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी है और उसकी एक अलग पहचान है। लेकिन पार्टी की इस विकास यात्रा में तीन चीजें नहीं बदलीं। ये हैं-प्रशिक्षण, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और गरीब कल्याण की भावना। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग आप सभी के लिए पार्टी की वैचारिक यात्रा को समझने और आत्मसात, आत्मचिंतन करने का अवसर है। सिंह ने कहाकि सभी जनप्रतिनिधियों को जनसेवा को सबसे बड़ी साधना बनाना है। यह प्रशिक्षण वर्ग इसी संकल्प को पुष्ट करने के लिए है। उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा राष्ट्र प्रथम की रही है। पं. दीनदयाल जी चुनाव हार गए, लेकिन उन्होंने अपने विचारों, सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। आप कभी ऐसा आश्वासन न दें, जो पूरा न किया जा सकता हो और सिद्धांतों से समझौता न करें। यह प्रशिक्षण वर्ग इन सिद्धांतों की पुनरावृत्ति के लिए नहीं है, बल्कि उन्हें आज की जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा ने विकास के साथ-साथ विरासत को भी संभाला है। इंदौर और पचमढ़ी में हुई कैबिनेट बैठकें इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने अपनी सैन्य ताकत और स्वदेशी रक्षा क्षमताएं पूरी दुनिया को दिखाई हैं। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सेनाओं ने पराक्रम दिखाकर पाकिस्तान में आतंकवाद को नेस्तनाबूद किया। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में स्वदेशी रक्षा उपकरणों के जरिए भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना है।


Share This News :