विजयवर्गीय बोले छोड़ेंगे नहीं, शहर गुस्से से उबल रहा -ऐसा किसके लिए कहा
इंदौर के कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी लव जिहाद के केस में फरार हैं। वे परिवार के साथ घर से कहीं जा चुके हैं और पुलिस लगातार सुबह शाम उन्हें पकड़ने के लिए छापे मार रही है। कल मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुलिस को कादरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का कहा था। आज मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी कादरी पर सख्त एक्शन के लिए कहा है। नगर निगम सूत्रों के मुताबिक जल्द ही कादरी के घर पर बुलडोजर चलाया जा सकता है। वहीं दूसरी तरफ कादरी के विरोध में कई जगह प्रदर्शन हो रहे, शहर के लोग उसे जल्द पकड़ने और सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आज कहा कि अनवर कादरी पर सिमी से जुड़े होने के भी आरोप लग चुके हैं। कई प्लाट और मकानों पर भी उसने बलपूर्वक कब्जे किए हैं। इस तरह के आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को बक्शा नहीं जाएगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा है कि अनवर कादरी की पार्षदी समाप्त करने के लिए संभाग आयुक्त को पत्र लिखा है। जल्द ही उसकी पार्षदी खत्म की जाएगी। वहीं लव जिहाद की फंडिंग के मामले में भी उस पर जांच चल रही है। जांच में सभी बातें साफ होने के बाद और भी कड़ी कार्रवाई होगी। इंदौर में लव जिहाद को फंडिंग करने का आरोपी कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी उर्फ अनवर डकैत 19 आपराधिक मामलों में नामजद रहा है। इनमें जानलेवा हमला, डकैती, बलवा, अवैध हथियार रखना, जमीन कब्जा करना और मारपीट जैसे केस शामिल हैं। अनवर 2011 में एक साल की सजा भी काट चुका है।लव जिहाद मामले में फरार चल रहे अनवर पर पुलिस ने 10 हजार का इनाम घोषित किया है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें हर संभावित ठिकाने पर छापे मार रही हैं। वह अपने परिवार के साथ फरार हुआ है। उसके घर पर ताला डला है।