सिंहस्थ और 50 मेडिकल कॉलेज- सीएम मोहन यादव ने किए बड़े एलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश देश का एकमात्र राज्य है, जहां अगले दो साल में 50 मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना है। सीएम ने कहा कि राज्य के हर जिले में पहुंचने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार की योजना भोपाल झील में कश्मीर की डल झील की तरह शिकारे चलाने की योजना है। जैसे पर्यटक डल झील में शिकारे पर घूमते हुए खरीददारी करते हैं, उसी तरह भोपाल झील में भी लोग शिकारे पर घूमते हुए चंदेरी साड़ियों की खरीददारी कर सकेंगे। सीएम मोहन यादव ने कहा कि पुल 2022 से बन रहा था। मेरे आने के बाद तो उसका अभी लोकार्पण भी नहीं हुआ। अगर निर्माण में कोई भी गलती होती है तो वो दुरुस्त हो सकता है। हमने कहा कि उसे दोबारा से दुरुस्त करवाओ। यही तो लोकतंत्र की खूबसूरती है। लोगों ने बताया तो सुधरवाएंगे। अगर गलती हो गई है तो उस पर काम होगा, हम भगवान तो है नहीं, इंजीनियर से गलती हो गई, ठेकेदार से गलती हो गई, जिससे गलती हुई है तो उसे सजा भी दे देंगे। उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों को लेकर सीएम मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में 30 किलोमीटर घाट बनाए जा रहे हैं, जिन पर एक दिन में पांच करोड़ लोग स्नान कर सकेंगे। साथ ही साधु-संतों को स्थायी रूप से जमीन आवंटित करने की योजना है ताकि हरिद्वार की तर्ज पर उज्जैन को विकसित किया जा सके।