मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लव जिहाद को लेकर दिया बड़ा व्यान
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में उनके विधानसभा क्षेत्र में एक उद्यान का लोकार्पण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने लव जिहाद के बढ़ते मामलों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि माताएं अपनी बेटियों को संस्कार दे ताकि वे समाज में फैल रहे लव जिहाद के जहर से बच सके। दूसरे धर्म के लड़के हिंदू नाम रखकर बच्चियों को बहला-फुसला कर उनका जीवन खराब कर रहे हैं।हमारी विधानसभा में एक बेटी की वजह से उसके माता-पिता को नीचा देखना पड़ा है।इसलिए अपने बच्चों को संस्कारित बनाएं। आजकल के सीरियल विकृति फैला रहे हैं। इसलिए बच्चों को बगीचों में भेजे, जिससे वह व्यायाम करने के साथ-साथ उनका सामाजिक दायरा भी बढ़ेगा। अच्छे दोस्त बनेंगे, जो जीवन में हमेशा काम आएंगे।
विजयवर्गीय ने कहा कि एक समय 100 में से 5 बच्चों को चश्मा लगता था, लेकिन अब 100 में से 30 बच्चों को चश्मा लगने लगा है। बच्चे मोबाइल की लत के शिकार हो रहे हैं। माताएं बच्चों को फास्टफूड से दूर रखें। घर का बना हुआ पौष्टिक खाना खिलाए, जिससे बच्चों का बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास हो सके।
मेयर पुष्य मित्र भार्गव ने कहा कि अब हम ऐसा एप लॉच कर रहे हैं, जिससे आप अपने घर के कचरे के लिए एप के जरिए कचरा गाड़ी बुला सकेंगे। हमने शहर की स्ट्रीट लाइट को मोबाइल से जोड़ दिया है, जिससे उसको कभी भी चालू और बंद कर सकते हैं। इससे ऊर्जा की बचत होती है।