50 हजार की घूस लेते पकड़ा गया सहकारिता का उपपंजीयक, जानें क्यों मांगी रिश्वत?
सहकारिता विभाग के एक भ्रष्ट अधिकारी को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) सागर ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। सहकारिता विभाग में संयुक्त पंजीयक शिवेंद्र देव पांडे ने एक बेरोजगार युवक से सहकारी संस्था में सेल्समैन पद पर नियुक्ति के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
EOW ने कार्रवाई करते हुए पांडे को सागर स्थित उसके कार्यालय में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता छतरपुर जिले का निवासी है, जिसने EOW को दी शिकायत में बताया कि उसने सेल्समैन पद के लिए आवेदन किया था, जिसमें संयुक्त पंजीयक की अनुशंसा आवश्यक थी। इसी अनुशंसा के लिए पांडे ने युवक से पहले एक लाख रुपये की मांग की थी, बाद में सौदा 50 हजार रुपये में तय हुआ। EOW द्वारा शिकायत की जांच के बाद इसे सही पाया गया और फिर आरोपी को जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। आरोपी पांडे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।