Homeराज्यो से ,
कांवड़ लेकर SP की स्पेशल 7 ने फिल्मी अंदाज में पकड़ा जुए का अड्डा, सांसद प्रतिनिधि सहित 15 गिरफ्तार

खंडवा जिले में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में बड़ी कार्रवाई कर जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में बीजेपी से जुड़े स्थानीय नेता, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधि के रूप में प्रचारित व्यक्ति सहित 15 लोग रंगे हाथ जुआ खेलते पकड़े गए हैं। जुए का यह अड्डा धनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अटूटखास में खेत और जंगल के बीच चल रहा था, जहां तक पुलिस ‘कांवड़ियों’ के वेश में ढाई किलोमीटर पैदल चलकर पहुंची।

इस पूरी कार्रवाई की पटकथा खुद खंडवा एसपी मनोज कुमार राय ने रची। उन्होंने पदमनगर टीआई प्रवीण आर्य और आरआई अरविंद दांगी सहित सात पुलिसकर्मियों की एक स्पेशल टीम बनाई। इस टीम ने पहले दिन में नहर का सर्वे करने के बहाने गांव पहुंचकर जुए के अड्डे की पहचान की। फिर रात दो बजे पुलिसकर्मी कांवड़ियों के भेष में खेतों और जंगलों से होते हुए अड्डे तक पहुंचे। वहां मौजूद जुआरी समझ ही नहीं पाए कि सामने खड़े लोग पुलिसवाले हैं और खेल जारी रखा। जैसे ही इशारा मिला, पुलिस ने दबिश दी और 15 लोगों को मौके से दबोच लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर करीब 15 जुआरी मौके से फरार हो गए।गिरफ्तार आरोपियों में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष और खुद को सांसद प्रतिनिधि बताने वाला राहुल यादव भी शामिल है। उसके खिलाफ पूर्व में भी एक महिला स्वास्थ्यकर्मी से गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज हो चुका है। वहीं, बीजेपी पार्षद पति सतीश सोलंकी और कांग्रेस नेता और ठेकेदार राम अजमेरा भी जुआ खेलते पकड़े गए हैं।इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने साफ किया कि वे राहुल यादव को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते और करीब ढाई साल से उन्होंने किसी को प्रतिनिधि नियुक्त नहीं किया है। उन्होंने यह अवश्य स्वीकारा कि आईटीआई की एक बैठक के लिए उन्होंने उसे प्रतिनिधि बनाया था, लेकिन उसके कामकाज से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

गांव में फैला था जुआरियों का नेटवर्क, मुखबिर थे तैनात
जानकारी के अनुसार, अटूटखास और आसपास के गांवों में जुआ खेलने वालों का इतना संगठित नेटवर्क था कि बाहरी किसी भी व्यक्ति की दो किलोमीटर के दायरे में उपस्थिति की सूचना पहले ही जुआरियों तक पहुंच जाती थी। यहां तक कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के मोबाइल तक अड्डे पर ले लिए जाते थे, ताकि किसी प्रकार का सबूत न रह जाए। इसी कारण इस बार एसपी ने खंडवा शहर से टीम भेजी और उनके वेश को भी बदल दिया।

बड़ी मात्रा में नकदी, वाहन और मोबाइल बरामद
इस कार्रवाई में पुलिस ने 52 ताश के पत्ते, 1,77,200 रुपये नकदी, 14 मोबाइल फोन जिनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये, 10 दुपहिया वाहन और दो चार पहिया वाहन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धाराओं 3, 4, और 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

धनगांव टीआई पर गिरी गाज, जांच दूसरे थाने को सौंपी गई
इस पूरी कार्रवाई के बाद खंडवा एसपी ने धनगांव टीआई राजेश ओहरिया को लाइन अटैच कर दिया है और मामले की जांच अब जावर थाना टीआई जीपी वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को ग्रामीणों और प्रशासनिक हलकों में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

15 आरोपियों पर दर्ज हुई एफआईआर
पंद्रह आरोपियों अनिल जायसवाल, नकुल नायक, संतोष उर्फ बाचू पंवार, आर्यन लाड, सचिन शिंदे, अजय सिंह, कमलेश अवचरे, छितर सोनी, महेश झराने, टीकम डीमर, अर्जुन बंजारा, राहुल यादव, सतीश सोलंकी, राम अजमेरा और महेश राठौर पर मामला दर्ज किया गया है।

Share This News :