'कुछ लड़कियों के लिए यह बात कही - विवादित बयान पर अनिरुद्धाचार्य ने मांगी माफी
वृंदावन के भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य द्वारा युवतियों पर की गई विवादित टिप्पणी पर घमासान शुरू हो गया है। शुक्रवार को कचहरी गेट पर अधिवक्ताओं ने उनके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया तो वहीं वृंदावन में भी रामलीला तिराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया। अधिवक्ताओं ने एलान किया है कि वे कथावाचक के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर करेंगे। उधर अनिरुद्धाचार्य ने कहा है कि उनकी बात को काट छांटकर वीडियो जारी किया गया है। वह क्षमा मांगते हैं।कथावाचक की विवादित टिप्पणी का मामला तूल पकड़ गया है। बृहस्पतिवार को भी लोगों ने इस पर विरोध दर्ज कराया था। अधिवक्ताओं ने एसएसपी श्लोक कुमार से मिलकर अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। उधर, शुक्रवार को लोग सड़कों पर उतर आए। बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने कचहरी के गेट नंबर तीन पर प्रदर्शन किया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा और सचिव शिव कुमार लवानियां ने कहा कि ऐसी अनर्गल टिप्पणी को लेकर खास तौर से महिला अधिवक्ताओं में आक्रोश है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। यदि पुलिस इस पर मुकदमा दर्ज नहीं करती है तो सोमवार को कोर्ट में भागवताचार्य के खिलाफ मुकदमा दायर किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रियदर्शनी मिश्रा, पूजा शर्मा, सौम्या शुक्ला, भावना सैंगर, गुंजन यादव, अनीता राघव, सोनी वर्मा, गौरी अग्रवाल, इंदु चौरसिया, आरती भारद्वाज आदि अधिवक्ता मौजूद थे।
उधर वृंदावन में रामलीला मैदान तिराहे पर एकत्र होकर लोगों ने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के बयान की निंदा की और इसे नारी गरिमा के खिलाफ बताया। कहा कि व्यास पीठ पर बैठे व्यक्ति का ऐसा बयान समाज में गलत संदेश फैला रहा है। समाजसेवी ताराचंद गोस्वामी ने कहा कि भारत में नारी शक्ति की पूजा की जाती है। इस तरह के बयान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जा सकते। यह व्यक्ति पहले भी सीता माता और द्रौपदी पर टिप्पणी कर चुके हैं। इस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन में कृष्ण गोस्वामी, अशोक गोस्वामी, मनोज चौधरी, मनीष दीक्षित, सोहेल, सुमित, जाहिद, लोकेश समेत अन्य लोग मौजूद थे।
अनिरुद्धाचार्य ने कहा है कि मेरी आधी अधूरी वीडियो ही सुनी गई है। मैंने केवल कुछ लड़कियों के लिए यह बात कही थी। लिव-इन में रहने वालों पर कहा था। जैसे एक 25 साल की लड़की ने पराए पुरुष के कारण अपने पति राजा रघुवंशी को मार डाला। मेरी वीडियो से कुछ शब्द हटा दिया गया। मेरे द्वारा कभी नारी का अपमान नहीं किया जा सकता है। हमारे ब्रज मंडल में तो श्याम सुंदर राधा रानी के चरण दबाते हैं। फिर भी यदि किसी बहन बेटी का मेरी इस आधी अधूरी बात को सुनकर दिल दुखा तो उनका ये दास उनसे क्षमा मांगता है। हो सकता है कि ये एआई द्वारा किसी ने बना दिया गया हो।