Homeराज्यो से ,
कृषि मंत्री शिवराज के काफिले में सुरक्षा चूक, बुलेटप्रूफ कार को रॉन्ग साइड से आ रही कार ने मारी टक्कर

राजधानी भोपाल में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के वीआईपी काफिले की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही सामने आई है। अरेरा हिल्स स्थित एयरटेल तिराहे के पास सोमवार रात उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार ने काफिले में शामिल बुलेटप्रूफ कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि उस समय बुलेटप्रूफ कार में कोई वीआईपी मौजूद नहीं था।

घटना के वक्त हेड कांस्टेबल राजेश नारायण (54) काफिले में चालक के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। वह पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और रेडियो कॉलोनी में रहते हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना 25 जुलाई की रात करीब 9:15 बजे की है जब राजेश नारायण हूटर बजाते हुए शिवराज सिंह के काफिले के साथ पत्रकार भवन की ओर चढ़ाई पर जा रहे थे।इसी दौरान एक कार रॉन्ग साइड से तेजी से आती हुई सामने से उनकी बुलेटप्रूफ कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद भी वीआईपी काफिला बिना रुके अपने रास्ते पर निकल गया। बाद में हेड कांस्टेबल राजेश नारायण ने थाने जाकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपी कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Share This News :