Homeslider news,अपना मध्यप्रदेश,
समाधान ऑनलाइन: सीएम ने अपनाया कड़ा रुख, एक अधिकारी सस्पेंड ,चार को नोटिस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समाधान ऑनलाइन की बैठक में कहा कि नागरिकों की समस्याएं यदि दफ्तरी प्रक्रियाओं में उलझकर लंबित रहती हैं, तो यह प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठाता है। ऐसी किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में आयोजित इस बैठक में विभिन्न जिलों से आए प्रकरणों का तत्काल समाधान किया गया। डॉ. यादव ने कहा कि समस्या उस स्तर पर ही हल हो जाए, इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशील और सक्रिय रहना चाहिए। बैठक के दौरान विदिशा जिले के एक प्रकरण में लापरवाही बरतने पर प्रभारी प्राचार्य को निलंबित किया गया, जबकि चार अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। वहीं एक बीमा कंपनी पर फसल बीमा राशि के भुगतान में देरी के कारण अर्थदंड लगाया गया।सीएम ने शाजापुर जिले के प्रेमसिंह जादौन को बीमा राशि का भुगतान करवाया। इस प्रकरण में बीमा कंपनी ने फसल बीमा दावे के भुगतान में विलंब किया था। बीमा कंपनी पर अर्थदंड रोपित करने के निर्देश दिए। नरसिंहपुर जिले के दाल मिल संचालक नीलेश साहू को नियमानुसार मिलने वाली मंडी शुल्क से छूट प्राप्त न होने के प्रकरण में समाधान करवाया। शिवपुरी जिले की छात्रा को प्रतिभा योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए। विदिशा जिले के छात्र सुमित साहू को छात्रवृत्ति राशि का भुगतान करवाया। इस प्रकरण में संबंधित प्रभारी प्राचार्य को निलंबित किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में हितग्राही को दूसरी और तीसरी किश्त का भुगतान न किए जाने पर तत्कालीन एवं वर्तमान मुख्य नगरपालिका अधिकारी खरगोन को कारण बताओ नोटिस दिए गए हैं। हरदा जिले के मिथुन वर्मा द्वारा मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना में अनुदान न मिलने की शिकायत की गई थी। समाधान ऑनलाइन में प्रकरण आने पर हितग्राही को जिला पंचायत ने राशि का भुगतान कर दिया है। इस प्रकरण में जिला परियोजना प्रबंधक मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं मुख्य प्रबंधक अग्रणी बैंक हरदा को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।


Share This News :