Homeslider news,अपना मध्यप्रदेश,
बारिश और बाढ़ ने मचाई तबाही, पुल के ऊपर से बह रही नदी, राजस्थान का संपर्क टूटा, कई गांव जलमग्न -अशोकनगर ,गुना और शिवपुरी के हालत बेहद ख़राब

जिले में पिछले दो दिन से हो रही मूसलधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सीप, पार्वती और चंबल नदियां उफान पर आ गई हैं। इससे जिले के कई गांव जलमग्न हो गए हैं। लोगों का कहना है कि फिर से चार साल पहले आई बाढ़ की यादें ताजा हो गईं। वहीं राजस्थान के सवाईमाधोपुर, कोटा और बारां का श्योपुर से संपर्क टूट गया है। पार्वती नदी पुल को पार कर गई है, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। अशोकनगर ,गुना और शिवपुरी के हालत बेहद  ख़राब हो गए हैं | लगातार हो रही बारिश से जन जीवन अस्त -व्यस्त हो गया है|सेना बुलाना पड़ी है |वहीं, श्योपुर सवाईमाधोपुर रोड पर जेतपुर बोदल के बीच पुलिया टूट चुकी है। चम्बल पुराने पुल से ऊपर बह रही है और सिंध खतरे के निशान पर बह रही है | प्रशासन ने तुरंत लोगों को राहत कैंपों में स्थानांतरित किया है। रामधर्मशाला और नगर पालिका मैरिज गार्डन में अस्थायी राहत शिविर बनाए गए हैं। यहां पीड़ितों को भोजन और रहने की व्यवस्था की गई है। वहीं, जिले की विजयपुर तहसील की कुवारी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। ऊपर पुल पर तीन फीट तक पानी भर गया है। रण सिंह कॉलोनी और कोठारी पैलेस क्षेत्र में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। सुपर मार्केट के पास सड़क धंस गई, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। पुल की रेलिंग टूट गई और बिजली की डीपी बह गई।इसके अलावा बड़ौदा कस्बे में हालात बेहद खराब है। चार से पांच फीट पानी गलियों और बाजारों में भरा है स्वास्थ्य केंद्र और बाजार स्वीमिंग पूल जैसे नजर आ रहे हैं। कई इलाकों में घर गिरने की खबरें हैं। ग्राम राडेप में एक मकान गिर गया, गनीमत रही कि उस वक्त कोई अंदर नहीं था। मानपुर थाना क्षेत्र के अस्पताल में अचानक नदी-नालों का पानी घुस आया। मरीजों और स्टाफ को घंटों फंसे रहने के बाद एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सभी मरीजों को जिला अस्पताल शिफ्ट किया गया है। बड़ौदा और इकलौद गांवों में घरों में पानी घुस गया है और घरेलू सामान तक बह गया है। विजयपुर की सड़कों पर भारी जलभराव है, सुनवई तिराहे पर सड़क तालाब बन गई है।

 
 

Share This News :