Homeslider news,अपना मध्यप्रदेश,
भावपूर्ण नव प्रयोग: विधानसभा में पूर्व CM स्व. पं.रविशंकर शुक्ल की जयंती पर नमन,सीएम ने अध्यक्ष का जताया आभार

प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित रविशंकर शुक्ल की जयंती पर शनिवार को मध्यप्रदेश विधानसभा के सेंट्रल हॉल में पुंष्पाजलि का आयोजन किया गया। यह आयोजन विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की पहल पर किया गया। इसी के साथ विधानसभा में दिवंगत मुख्यमंत्रियों और विधानसभा अध्यक्षों की जयंती मनाने की परंपरा की शुरुआत हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कई मंत्रीगण, विधायक और विधानसभा सचिवालय के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पं. रविशंकर शुक्ल का चित्र सेंट्रल हॉल में सजाया गया, जिस पर सभी ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पं. रविशंकर शुक्ल ने प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री के रूप में विकास की नींव रखी थी। उन्हीं के विजन पर आज मध्यप्रदेश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को इस परंपरा की शुरुआत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर यह नवाचार किया है। सीएम ने कहा कि इस अवसर पर कांग्रेस के सदस्यों को भी होना चाहिए था, लेकिन वह नहीं आए। सीएम ने कहा कि इस कार्य के लिए अध्यक्ष की प्रशंसा होनी चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश गठन के बाद पहले मुख्यमंत्री रहे पं. रविशंकर शुक्ल ने प्रदेश के विकास के लिए आधारभूत रूप से जो कार्य आरंभ किया, उस नींव पर ही प्रदेश के वर्तमान स्वरूप ने आकार लिया है।

विधानसभा अध्यक्ष की पहल
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अब हर वर्ष प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्रियों और विधानसभा अध्यक्षों की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण किया जाएगा। पं. शुक्ल का जीवन हमें सेवा, समर्पण और विकास की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर 1956 को मध्यप्रदेश राज्य का गठन हुआ। प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पं. रविशंकर शुक्ल जी के जीवन और संघर्ष से हम सभी प्रेरणा लेते हैं। आज उनकी जयंती है, उन्हें स्मरण कर ईश्वर से यही प्रार्थना है कि हम सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने की शक्ति और सामर्थ्य प्रदान करें।

इन जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में खेल मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्णा गौर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, विधायक राम निवास शाह, विधानसभा सचिवालय के प्रमुख सचिव एपी. सिंह समेत कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।

 

Share This News :