'ब्रह्मा' रेल कोच फैक्टरी का रक्षा मंत्री ने किया भूमिपूजन, CM यादव बोले-लोगों को मिलेगा रोजगार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को मध्य प्रदेश के रायसेन के उमरिया गांव में औबेदुल्लागंज के दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में रेल कोच इकाई का भूमिपूजन किया। भारत अर्थ मूवर्स परियोजना द्वारा भोपाल जिले की सीमा के पास रायसेन के ग्राम उमरिया में 60 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर 1800 करोड़ की लागत से बनने वाली ब्रह्मा परियोजना (बीईएमएल रेल हब फॉर मैन्युफैक्चरिंग) से राजधानी समेत रायसेन, सीहोर और विदिशा आदि जिलों को लाभ मिलेगा। इन जिलों के तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। परियोजना में 5 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित हो रहे भोपाल क्षेत्र को इस परियोजना से बहुत लाभ होगा। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सराहना की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज जिस रेल कोच फैक्टरी का भूमि पूजन हो रहा है, मैंने देखा कि इसका नाम आपने ‘ब्रह्मा’ रखा है। हमारे यहां तो वैसे भी ब्रह्मदेव को निर्माण से जोड़कर देखा जाता है। हमारी तो यह मान्यता है कि सृष्टि का निर्माण भी ब्रह्मदेव ने ही किया है। तो एक तरह से, आदिकर्ता के नाम पर इस यूनिट का नाम रखना, अपने आप में बहुत बढ़िया आईडिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह यूनिट अपने नाम से प्रेरणा लेते हुए और उसे साकार करते हुए,प्रोडक्ट के निर्माण के मामले में नई ऊंचाइयां छुएगी। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र के मामले में मध्यप्रदेश को सभी हर संभव सहयोग करेंगे। राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में अल्प समय में 30 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्राप्त करने पर सराहना करते हुए कहा नेतृत्व शानदार हो तो विकास भी तेजी से होता है। मध्यप्रदेश अब आगे मॉडर्न प्रदेश के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा तैयार किए गए लैंड बेल्ट के कारण अब मध्यप्रदेश विकास के लिए जाना जाएगा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन एक अलग चमक लेकर आया है। ब्रह्मा परियोजना के प्रति प्रतिबद्धता दिखाने के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एवं रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों का आभारी हूं। जब से हमारी सरकार बनी है। वर्ष 2023 के बाद से 3600 करोड़ की औद्योगिक विकास की सौगात मिल गई है। बीईएमएल मूलरूप से रक्षा क्षेत्र के लिए कार्य करता है। अब भोपाल में मेट्रो शुरू होने से पहले उसके कोच निर्माण भी होने लगेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी ने नेतृत्व में डोकलाम जैसे मामले में भारत ने अपनी सुरक्षा के साथ पड़ोसियों की भी सुरक्षा की है। भारत अपनी उत्पादन क्षमता के साथ दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। रायसेन जिले के उमरिया को और प्रदेश को आज एक बड़ी सौगात मिल रही है।