Homeराज्यो से ,
बॉम्बे हाई कोर्ट में तीन एडिशनल जजों की नियुक्ति, भाजपा की एक पूर्व प्रवक्ता भी हैं शामिल

केंद्र सरकार ने बुधवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में तीन वकीलों को अतिरिक्त जज के रूप में नियुक्त किया है। इनमें महाराष्ट्र भाजपा की पूर्व प्रवक्ता आरती अरुण साठे भी शामिल हैं। कानून मंत्रालय की तरफ से जारी जानकारी के अनुसार, जिन तीन वकीलों को यह जिम्मेदारी दी गई है, उनके नाम अजीत भगवान राव कडेठंकर, सुशील मनोहर घोडेस्वर, आरती अरुण साठे हैं। बता दें कि आरती साठे पहले महाराष्ट्र भाजपा की प्रवक्ता रह चुकी हैं। अब उन्हें न्यायपालिका की सेवा में नियुक्त किया गया है।

क्या नियुक्त होते हैं अतिरिक्त जज?
अतिरिक्त जजों की नियुक्ति आमतौर पर दो साल के लिए की जाती है। इस दौरान उनके काम और योग्यता का मूल्यांकन किया जाता है। इसके बाद, यदि सब कुछ ठीक रहता है, तो उन्हें स्थायी जज के रूप में भी पदोन्नत कर दिया जाता है। इन नियुक्तियों से बॉम्बे हाईकोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है।

कौन हैं आरती अरुण साठे?
बॉम्बे हाईकोर्ट की अधिवक्ता रहीं आरती साठे को फरवरी 2023 में महाराष्ट्र भाजपा का प्रवक्ता नियुक्त किया गया था। इससे पहले वें मुंबई भाजपा की कानूनी सेल की प्रमुख भी थीं। हालांकि, जनवरी 2024 में उन्होंने निजी और पेशेवर कारणों का हवाला देते हुए प्रवक्ता पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दोनों से इस्तीफा दे दिया। उनकी इस नियुक्ति की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 जुलाई को की, जिसमें उनके साथ एडवोकेट अजीत भगवान राव कडेठंकर और सुशील मनोहर घोडेस्वर को भी बॉम्बे हाईकोर्ट का जज नियुक्त करने का प्रस्ताव शामिल था।वहीं आरती अरुण साठे की नियुक्ति पर राज्य में विपक्ष दल के नेताओं ने सवाल उठाए थे। एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक स्क्रीनशॉट साझा करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी की प्रवक्ता रही एक व्यक्ति की जज के रूप में नियुक्ति निष्पक्षता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाती है।

Share This News :