महाआर्यमन-आकाश की जुगलबंदी ने ध्यान खींचा, पूर्व खिलाड़ी बोले नए खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दें
मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आज ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया। समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उनके बेटे महाआर्यमन सिंधिया और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय मौजूद रहे। सालभर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को समारोह में सम्मानित किया गया। सिंधिया ने कहा कि मप्र का योगदान न सिर्फ राष्ट्रीय क्रिकेट में बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी स्वर्णिम अक्षरों से लिखा गया है। मप्र ने दुनिया को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं। भविष्य में बनने वाले नए स्टेडियम, जुटाई जाने वाली सुविधाएं मप्र के युवा खिलाड़ियों के लिए और भी बेहतर माहौल तैयार करेगी।पूर्व रणजी क्रिकेटर गुलरेज अली, नरेंद्र बगथरिया, संदीप मुंगरे और एस के बैस को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया। इस मौके पर गुलरेज अली ने कहा कि बीसीसीआई क्रिकेटरों के दम पर ही करोड़ों रुपए कमाता है। जो भी आज सम्मान राशि दी जा रही है उससे दोगुना सम्मान राशि दी जानी चाहिए। क्योंकि युवा खिलाड़ियों को जितना अधिक प्रोत्साहन मिलेगा वह उतना ही बेहतर खेलेंगे।
महाआर्यमन और आकाश की जुगलबंदी रही चर्चा में
एमपीसीए के कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र महाआर्यमन सिंधिया की जुगलबंदी चर्चा में रही। राजनीति में जाने पहचाने दो परिवारों की नई पीढ़ी ने बहुत देर तक अलग अलग विषयों पर चर्चा की।
2 सितंबर को होंगे चुनाव
बता दें कि एमपीसीए के चुनाव 2 सितंबर को होने हैं। चुनाव से पहले नई कार्यकारिणी तय करने के लिए यह समारोह बेहद महत्वपूर्ण रहा। संगठन के सभी वरिष्ठ सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को लेकर भी चर्चा की। अब एमपीसीए चुनाव में अगले तीन साल के लिए नवीन कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। होलकर स्टेडियम में होने वाली वार्षिक साधारण सभा की बैठक के बाद निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होगी। इस बार पूरी नई कार्यकारिणी चुनी जाएगी, क्योंकि वर्तमान कार्यकारिणी अपने दो साल के कार्यकाल को पूरा कर चुकी है।
इंदौर से महाकाल दर्शन को गए सिंधिया
इंदौर में हुए एमपीसीए के कार्यक्रम के बाद में ज्योतिरादित्य सिंधिया सीधे उज्जैन में महाकाल दर्शन को गए। वहां से लौटकर वे इंदौर में ही रात्रि विश्राम करेंगे और अपने कोर ग्रुप के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान यह तय होगा कि किसे मैनेजिंग कमेटी में शामिल करना है। यदि कोई विरोध में उतरता है और चुनाव होता है, तो उस परिस्थिति में क्या करना है इस पर भी चर्चा होगी।