वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी को 10 हजार रिश्वत लेते दबोचा
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन को रतलाम के सैलाना तहसील के ग्राम सक्रवादा निवासी विजय सिंह राठौड़ ने शिकायत की थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि गांव में कीटनाशक व खाद की दुकान खोलने लाइसेंस के लिए लोकसेवा केंद्र में मई में आवेदन किया था। जुलाई में उनके पास लाइसेंस बनाने का मैसेज मोबाइल पर आया। आवेदक सैलाना के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी मगन सिंह मईड़ा से मिला तो उसने तीन लाइसेंस की असल कॉपी देने के लिए 30 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। बातचीत में 25 हजार रुपए में बात तय हुई। इसकी पहल किश्त 15 हजार रुपए की रिश्वत आरोपी ने ली थी। शिकायत के सत्यपान के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने झाबुआ के रानापुर जनपद पंचायत की डिग्गी ग्राम पंचायत में ग्राम रोजगार सहायक दिनेश कुमार पचाहा को रिश्वत लेते पकड़ा। आरोपी के खिलाफ ग्राम पंचायत के ही कमल सिंह निंगवाल ने शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि उसके सात वर्ष के पुत्र पवन सिंह निगवाल का जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए रोजगार सहायक 1600 रुपए मांग रहा हैं। आरोपी को लोकायुक्त पुलिस ने आवेदक से 1250 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा।