दुर्गा पंडाल से बच्ची को ले जाकर ताऊ ने किया रेप, MP के ग्वालियर में घिनौनी घटना
नवरात्र में जहां पूरा देश मां दुर्गा की आराधना और कन्या पूजन में जुटा हुआ है, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 8 साल की एक मासूम बच्चे को उसके ताऊ ने ही हवस का शिकार बनाया। बच्ची दुर्गा पंडाल में खेल रही थी, तभी उसका ताऊ उसे अपने साथ धोखे से अपने घर ले गया और उसके साथ घिनौनी हरकत की। उसने चुप रहने के लिए जान से मारने की धमकी भी दी। लड़की के कपड़ों में खून लगा देखा तब उसकी मां को पता लगा। झांसी रोड थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शहर के झांसी रोड थाना स्थित नाका चंद्रवदनी की है। यहां मां दुर्गा की स्थापना हुई है। पास ही रहने वाली 8 साल की बच्ची माता के पंडाल में खेल रही थी। आरती शुरू होने वाली थी तभी वहां बच्ची का 45 वर्षीय ताऊ पहुंचा और उससे कहा कि तेरा भैया बुला रहा है। बच्ची दौड़ते हुए ताऊ के घर पहुंच गई पर वहां भैया नहीं था। तब तक पीछे से ताऊ पहुंच गया। बच्ची ने पूछा आपने झूठ क्यों बोला, लेकिन ताऊ बात को अनसुना करते हुए उसे कमरे में ले गया और रेप किया। फिर बच्ची को धमकाया और घर भेज दिया।
बच्ची अपनी बड़ी बहन और छोटे भाई के साथ स्कूल चली गई। वहीं, मां उसके कपड़े धो रही थी तो पायजामे पर खून के निशान देखे। वह सीधे स्कूल पहुंची और बच्ची को लेकर घर वापस आई। जब बच्ची से पूछताछ की तो उसने पूरी बात बता दी। उसने यह भी बताया कि रात में उसे पेट में दर्द हुआ था, लेकिन मां की डांट के डर के चलते उसने बताया नहीं।
बच्ची की मां ने घटना का खुलासा होते ही झांसी रोड थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया है। साथ ही बताया है कि कुछ समय पहले भी ताऊ ने ऐसी हरकत की थी, तब बच्ची की मां ने अपने जेठ को चेतावनी दी थी, लेकिन दूसरी बार फिर हरकत करते ही शिकायत की है। सीएसपी विश्वविद्यालय हिना खान ने बताया कि एक बच्ची के साथ उसके ही ताऊ ने गलत काम किया है। बच्ची की मां की शिकायत पर मामला दर्ज करने के बाद ताऊ को गिरफ्तार कर लिया गया है।