कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरुरत नहीं है :खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बिहार की जनता के फैसले का सम्मान करते हुए कांग्रेस उन ताकतों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी, जो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर करने में लगी हैं। खरगे ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा हम चुनाव परिणामों का विस्तृत अध्ययन करेंगे और उसकी वजहों को समझकर विस्तृत राय पेश करेंगे। बिहार में महागठबंधन को समर्थन देने वाले सभी मतदाताओं के प्रति हम दिल से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हौसला देते हुए कहा मैं हर कांग्रेस कार्यकर्ता से कहना चाहता हूं कि आपको निराश होने की जरूरत नहीं है। आप हमारी शान, गौरव और ताकत हैं। आपकी मेहनत ही हमारी मूल शक्ति है। खरगे ने आगे कहा कि कांग्रेस जनता के बीच रहकर जागरूकता फैलाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी और संविधान व लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई जारी रखेगी। अंत में उन्होंने जोड़ा यह लड़ाई लंबी है और हम इसे पूरी निष्ठा, साहस और सच्चाई के साथ लड़ते रहेंगे।