10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा
शहडोल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ रीवा लोकायुक्त ने एक हफ्ते के अंदर दूसरी बार रिश्वतखोर अधिकारी को घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा है। गुरुवार को देवलौंद क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद खाड़ में पदस्थ महिला इंजीनियर सुधा वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।जानकारी के अनुसार, रीवा की जेके कंस्ट्रक्शन कंपनी नगर परिषद खाड़ क्षेत्र में नाली, सड़क, स्टेडियम सहित कई निर्माण कार्य कर रही थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कंपनी द्वारा बिल भुगतान की प्रक्रिया शुरू की गई। आरोप है कि बिल पास करने के एवज में नगर परिषद की महिला इंजीनियर सुधा वर्मा ने ठेकेदार से 20 हजार की रिश्वत की मांग की थी।शिकायतकर्ता जेके अग्रवाल ने इसकी शिकायत रीवा लोकायुक्त से की। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही महिला इंजीनियर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया।