आ रहा है 10 वीं और 12 का रजिल्ट ,तारीख लगभग तय
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं के रिजल्ट का इंतजार अब खत्म होने वाला है। बोर्ड 15 अप्रैल तक परिणाम जारी करने की तैयारी में है। इस बार सिर्फ पास प्रतिशत ही नहीं, बल्कि सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या छात्राएं अपना लगातार बढ़त का सिलसिला बरकरार रख पाएंगी। पिछले 5 साल के ट्रेंड पर नजर डालें तो साफ है कि 10वीं और 12वीं दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। कई वर्षों में तो उन्होंने छात्रों से 5 से 8 प्रतिशत तक ज्यादा रिजल्ट दिया है, जिससे यह पैटर्न अब एक स्थायी ट्रेंड बनता नजर आ रहा है।12वीं का रिजल्ट में गिरावट से रिकॉर्ड तक का सफर
12वीं के नतीजों में पिछले वर्षों में उतार-चढ़ाव साफ दिखा है। 2021 में कोरोना के चलते सभी छात्रों को जनरल प्रमोशन दिया गया और रिजल्ट 100% रहा। इसके बाद 2022 में पास प्रतिशत 72.72% रहा, लेकिन 2023 में यह गिरकर 55.28% तक पहुंच गया। हालांकि 2024 में सुधार के साथ यह 64.49% हुआ और 2025 में 74.48% के साथ पिछले 15 साल का रिकॉर्ड बन गया। इस दौरान छात्राओं का प्रदर्शन हर साल छात्रों से बेहतर रहा। 2025 में जहां छात्राओं का पास प्रतिशत 77.55% रहा, वहीं छात्रों का 71.37% था। यह अंतर पिछले कई वर्षों से लगातार बना हुआ है।10वीं में भी छात्राओं का दबदबा कायम
10वीं के परिणाम में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 2020 में 62.84% रिजल्ट रहा, जबकि 2021 में जनरल प्रमोशन के कारण 100% परिणाम आया। इसके बाद 2022 में गिरावट के साथ 59.54% और 2023 में हल्का सुधार होकर 63.29% हुआ। 2024 में फिर गिरावट दर्ज हुई और रिजल्ट 58.10% रहा, लेकिन 2025 में 76.22% के साथ बड़ी छलांग देखने को मिली। यहां भी छात्राओं ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। 2025 में छात्राओं का पास प्रतिशत 79.27% रहा, जबकि छात्रों का 73.21% रहा।