Homeप्रमुख खबरे,खास खबरे,अपना मध्यप्रदेश,
फिर खुली पूर्व आईएएस वार्ष्णेय के खिलाफ जांच की फाइल

भोपाल। सेवानिवृत्त आईएएस अफसर और श्रम विभाग के पूर्व प्रमुख सचिव मुक्तेश वार्ष्णेय के खिलाफ बीमा अस्पताल में करोड़ों की खरीदी में गड़बड़ी के मामले की जांच फिर शुरू हो गई है। श्रम विभाग ने मामले की जांच अपर श्रम आयुक्त प्रभात दुबे को सौंपी है।

उल्लेखनीय है कि सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव रहने के दौरान वार्ष्णेय के पास श्रम विभाग का चार्ज आने पर उन्होंने अपने खिलाफ ही जांच बंद करा दी थी। नवदुनिया में खबर प्रकाशित होने के बाद मामले की जांच फिर शुरू हुई है। अपर श्रम आयुक्त प्रभात दुबे ने फिलहाल जांच शुरू नहीं की है।

हालांकि श्रम विभाग के अधिकारी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। प्रदेश के बीमा अस्पतालों में 14 करोड़ की खरीदी में हुए गोलमाल की जांच की घोषणा सरकार ने विधानसभा में पिछले बजट सत्र के दौरान की थी।

विधायक विश्वास सारंग ने विधानसभा में सवाल उठाते हुए इसकी जांच प्रश्न और संदर्भ समिति से कराने की मांग की थी। मामला विधानसभा में उठने के बाद उन्हें श्रम विभाग के प्रमुख सचिव पद से हटा दिया गया था। श्रम विभाग ने इंदौर कमिश्नर संजय दुबे से जांच प्रतिवेदन मांगा था।

मुक्तेश वार्ष्णेय को जब श्रम विभाग का चार्ज मिला तो उन्होंने एक पत्र इंदौर कमिश्नर को भेजकर कहा कि जांच प्रतिवेदन भेजने की जरूरत नहीं है। विधानसभा सचिवालय ने भी इस जांच को बंद कर दिया था। इधर श्रम विभाग के प्रमुख सचिव बीआर नायडू ने सारे मामले में चुप्पी साध ली है। जांच के संबंध में उनसे पूछा गया तो कहा कि मुझे कोई जानकारी नहीं है।

Share This News :