Home > अपना शहर ,
रोजगारमूलक योजनाओं के लक्ष्य में पिछड़ रहे महाप्रबंधक उद्योग अटल और लीड बैंक मैनेजर जैन को अल्टीमेटम जारी करने के दिए निर्देश

संतोषजनक वसूली नहीं होने पर ग्वालियर और दतिया के डिप्टी रजिस्ट्रार के

खिलाफ भी होगी कार्रवाई

कमिश्नर श्री रूपला ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में की विकास कार्यों की समीक्षा  

रोजगारमूलक योजनाओं के लक्ष्यों में पिछड़ रहे उद्योग विभाग के महाप्रबंधक श्री एम एल अटल और लीड बैंक मैनेजर श्री बी के जैन को अल्टीमेटम देने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह ग्वालियर और दतिया जिले की कॉपरेटिव बैंक की संतोषजनक वसूली नहीं होने पर बैंक के महाप्रबंधकों सहित ग्वालियर और दतिया जिले के डिप्टी रजिस्ट्रार कॉपरेटिव के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश संयुक्त कमिश्नर श्री बी एस जाटव को दिए हैं। यह निर्देश ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने बुधवार को विकास कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान दिए हैं।

      कमिश्नर श्री रूपला ने कहा कि रोजगारमूलक योजनाओं के लक्ष्यों में पिछड़ रहे उद्योग विभागों में महाप्रबंधकों को पूर्व में संयुक्त संचालक उद्योग श्री चतुर्वेदी द्वारा नोटिस दिए गए थे किंतु अभी इन नोटिसों पर निर्णय लेकर दण्डात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। कमिश्नर श्री रूपला ने बुधवार की बैठक में पुन: रोजगारमूलक योजनाओं की समीक्षा की। संभाग के शिवपुरी, गुना, दतिया और अशोकनगर जिला लक्ष्यों की प्राप्ति में अग्रणी है लेकिन ग्वालियर जिला बहुत पीछे होने के कारण महाप्रबंधक उद्योग श्री एम एल अटल और लीड बैंक ऑफीसर श्री बी के जैन के खिलाफ अल्टीमेटम जारी करने तथा पूर्व में दिए गए नोटिस पर भी इनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्वालियर महाप्रबंधक द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में 55 के विरूद्ध 34, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 880 के विरूद्ध 582 प्रकरणों में ऋण वितरण हुए हैं, जो लक्ष्य की तुलना में बहुत कम है। इसी तरह महाप्रबंधक ग्वालियर अन्य योजनाओं के लक्ष्य में भी पिछड़े हैं।

      कमिश्नर श्री रूपला ने कॉपरेटिव बैंक वसूली में ग्वालियर के डिप्टी रजिस्ट्रार श्री सी पी भदौरिया और दतिया के सहायक रजिस्ट्रार श्री आर पी मिश्रा के खिलाफ असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वसूली का दायरा बढ़ायें। उन्होंने कहा कि वसूली के लिये मैदानी अमला लगायें। कमिश्नर ने कहा गेहूँ खरीदी के पंजीयन के समय शतप्रतिशत किसानों के खाते कॉपरेटिव बैंक के खातों में लिंक करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने कहा कि किसानों से कॉपरेटिव की शतप्रतिशत वसूली होना है। अगर बैंक खाते लिंक नहीं कराये तो किसी भी डिप्टी रजिस्ट्रार की खैर नहीं है। कमिश्नर ने कहा कि इस वर्ष समर्थन मूल्य पर लगभग डेढ़ सौ करोड़ रूपए की गेहूँ खरीदी का अनुमान है।

      समीक्षा के दौरान संभागीय योजना मण्डल के संयुक्त संचालक को निर्देश दिए कि चिकित्सा शिक्षा विभाग की स्मार्ट क्लास, आनंदम् धाम और सोनोग्राफी के लिये जनभागीदारी से राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए। छात्रवृत्ति वितरण की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने संयुक्त संचालक को शतप्रतिशत छात्रवृत्ति वितरण करने तथा कर्मकार मंडल की योजनाओं में सभी पंजीकृत पात्र मजदूरों को लाभान्वित कराने के निर्देश दिए।

Share This News :