Home > अपना शहर ,
आनंदम धाम के लिये जमीन की तलाश करने तथा होली के पूर्व शिलान्यास कराने के कमिश्नर ने दिए निर्देश

ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने ग्वालियर शहर में आनंदम धाम बनाने के लिये जमीन की तलाश करने तथा आनंदम धाम बनाने के लिये होली से पूर्व उसका शिलान्यास कराने के निर्देश सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त संचालक श्री एस बी कबीरपंथी को दिए हैं।

     विकास कार्यों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कमिश्नर श्री रूपला ने सामाजिक न्याय एवं नि:शक्त जन कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक श्री कबीरपंथी को निर्देश देते हुए कहा कि लगभग 80 सीटर का बनने वाला यह आनंदम धाम सर्वसुविधायुक्त होगा। लगभग 80 वृद्धजन इस भवन में रहेंगे।

     कमिश्नर श्री रूपला ने रविवार को वृद्धजनों के कल्याण के लिये आयोजित हुई बैठक में नारायण वृद्धाश्रम संचालिका डॉ. लक्ष्मी गर्ग द्वारा स्वयं की ओर से वृद्धाश्रम को जमीन देने के साथ ही 10 लाख रूपए की घोषणा करने का स्मरण दिलाते हुए संयुक्त संचालक श्री कबीरपंथी से कहा कि डॉ. लक्ष्मी गर्ग की जमीन को देख लें। उन्होंने कहा कि डॉ. लक्ष्मी गर्ग जमीन के साथ 10 लाख रूपए भी भवन निर्माण के देगी।  10 लाख रूप्ए रेडक्रॉस से लेकर इसमें 20 लाख रूपए की जनभागीदारी को जोड़ते हुए भवन के निर्माण पर लगभग 40 लाख रूपए खर्च किए जा सकते हैं। बैठक में आनंदम धाम के निर्माण पर विस्तार से चर्चा भी की गई।

Share This News :