Home > अपना शहर ,
कलेक्टर ने 9 आदतन अपराधियों को किया जिला बदर

आदतन आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने के आदी 9 अपराधियों के खिलाफ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. संजय गोयल ने राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिला बदर की कार्रवाई की है। डॉ. गोयल ने लोक शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से इन अपराधियों को 6 माह के लिये जिला बदर कर दिया है। कलेक्टर ने यह कार्रवाई पुलिस के प्रतिवेदन के आधार पर की है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपी धर्मेन्द्र राठौर मंगलेश्वर रोड़ घासमंडी ग्वालियर, भोला उर्फ नवाब निवासी पच्चीपाड़ागंज ग्वालियर, जीतू उर्फ जितेन्द्र निवासी पाटनकर का बाड़ा लक्ष्मीगंज, नदीम खाँ निवासी नगर निगम वर्कशॉप के पास, खुश्बू किराना स्टोर लश्कर व बहादुर निवासी धोबीघाट गेंडे वाली सड़क के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। इनके अलावा आदतन आरोपी अन्नी निवासी बुलबुलपुरा घासमण्डी ग्वालियर, रामू निवासी ढ़ोलीबुआ का पुल लश्कर, माइकल उर्फ शाहिद निवासी इन्द्रानगर अवाड़पुरा हाल निवास निम्बालकर की गोठ नं.2 कम्पू और रिंकू कमरिया निवासी आउखाना घासमण्डी ग्वालियर को जिला बदर किया गया है। 

     जिला दण्डाधिकारी डॉ. गोयल ने पृथक-पृथक आदेश जारी कर इन आरोपियों को ग्वालियर जिला सहित शिवपुरी, दतिया, श्योपुर एवं गुना जिले की सीमा से 6 माह की अवधि के लिये बाहर चले जाने के आदेश दिए हैं। साथ ही आदेश में यह भी साफ किया है कि बिना पूर्व स्वीकृति के इन जिलों की सीमा में कदापि प्रवेश न करें। इन जिलों की सीमाओं के बाहर जाने के पश्चात अपने निवास स्थान की सूचना भी इन आरोपियों को प्रतिमाह रजिस्टर डाक से जिला दण्डाधिकारी न्यायालय एवं संबंधित पुलिस थाना में देनी होगी।

Share This News :