Home > अपना शहर ,
प्रतिभावान विद्यार्थियों को ज्ञानोदय विद्यालय में प्रवेश का मौका 6 अप्रैल तक आवेदन माँगे

अनुसूचित जाति के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के लिये ग्वालियर में संभाग स्तरीय उत्कृष्ट आवासीय शिक्षा संस्थान संचालित है। इस संस्थान में छठवीं से बारहवीं तक के प्रतिभावान विद्यार्थियों को नि:शुल्क आवासीय सुविधा व शिक्षा प्रदान की जाती है। छठवीं कक्षा में प्रवेश के लिये अनुसूचित जाति के बालक-बालिकाओं से 6 अप्रैल तक आवेदन माँगे गए हैं। इस तिथि को सायंकाल 4 बजे तक डाक द्वारा अथवा स्वयं उपस्थित होकर आवेदन पत्र प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

      मालूम हो ज्ञानोदय विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विदेश अध्ययन के लिये भी सरकार द्वारा गुणवत्ता के आधार पर सहायता मुहैया कराई जाती है। इस विद्यालय से उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रदेश व देश के उत्कृष्ट उच्च शिक्षा संस्थानों में अध्ययनरत हैं।

      शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय हुरावली के प्राचार्य श्री जी पी शर्मा ने बताया कि संस्थान में प्रवेश के लिये विद्यार्थियों का चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जायेगा। यह परीक्षा 10 अप्रैल को प्रात: 11 बजे ज्ञानोदय विद्यालय में ही ली जायेगी। ज्ञानोदय विद्यालय मुरार स्थित हुरावली बी-ब्लॉक हरीखेड़ा रोड़ नए आरटीओ भवन के समीप बाईपास मार्ग पर संचालित है। उन्होंने बताया कि ज्ञानोदय विद्यालय में विद्यार्थियों को नि:शुल्क आवासीय सुविधा के साथ-साथ मैस, गणवेश एवं पाठ्य सामग्री के लिये दो हजार रूपए की राशि देने का प्रावधान है। साथ ही कम्प्यूटर शिक्षण व बोर्ड कक्षाओं के लिये नि:शुल्क कोचिंग सुविधा भी ज्ञानोदय विद्यालय के विद्यार्थियों को मुहैया कराई जाती है।

      इस संबंध में विस्तृत जानकारी विद्यालय के फोन नम्बर 0751-6002060 और प्राचार्य के मोबाइल फोन नम्बर 97133-56216 पर संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है।

Share This News :