Home > अपना शहर ,
राजधानी में हुआ ग्वालियर का सम्मान

“अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस” पर मुख्यमंत्री द्वारा संभागीय कमिश्नर एवं कलेक्टर सम्मानित 

“अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस” पर प्रदेश की राजधानी भोपाल में ग्वालियर को प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। सम्मान भी ऐसे मुद्दे पर जिसके लिये ग्वालियर-चंबल अंचल खासा बदनाम रहा है। वह मुद्दा है बेटियों की घटती हुई संख्या। मगर अब सरकार, प्रशासन एवं समाज के साझा प्रयासों की बदौलत ग्वालियर जिले में बेटियों की जन्मदर में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है। जाहिर है पीसी-पीएनडीटी एक्‍ट और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में ग्वालियर जिला देश भर के लिये मॉडल डिस्ट्रिक बन गया है।

विधानसभा भवन परिसर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मातृ शक्ति को समर्पित  à¤—रिमामयी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, विधानसभा अध्यक्ष श्री सीतासरण शर्मा व महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस ने संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल एवं जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री शालीन शर्मा को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

      मालूम हो बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान एवं पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये राष्ट्रीय स्तर पर भी ग्वालियर को देश के दो सर्वश्रेष्ठ जिलों में चुना गया है। इसके लिये “राष्ट्रीय बालिका दिवस” पर देश की राजधानी नईदिल्ली में आयोजित हुए भव्य कार्यक्रम में केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका गाँधी द्वारा भी ग्वालियर कलेक्टर डॉ. संजय गोयल को सम्मानित किया गया था।

      शिशु लिंगानुपात के सुधार में प्रदेश में ग्वालियर द्वितीय व मुरैना जिला पहले स्थान पर आया है। एचएमआईएस के आंकड़ों के अनुसार ग्वालियर जिले का शिशु लिंगानुपात 897 से बढ़कर 913 हो गया है। इसी प्रकार मुरैना जिले में लिंगानुपात 899 से बढ़कर 939 हुआ है।

इन प्रयासों से बढ़ी बेटियों की संख्या

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल की पहल पर ग्वालियर जिले में पिछले लगभग दो वर्ष के दौरान समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्माण के लिये कारगर कदम उठाए गए। साथ ही पीसी-पीएनडीटी एक्ट का कड़ाई से पालन कराकर कन्या भ्रूण हत्या पर अंकुश लगाया। जिले में डॉ. गोयल की पहल पर इस दिशा में उठाए गए प्रमुख कदमों का ब्यौरा इस प्रकार है –

  • विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के परचम लहरा रहीं जिले की बेटियों को बनाया ब्राण्ड एम्बेसडर। जाहिर है लोगों में यह भावना पनपी कि बेटियाँ भी परिवार, गाँव व समाज का नाम रोशन करने में पीछे नहीं हैं।
  • नगर निगम के सहयोग से बेटियों के प्रति जागरूकता के लिये शहर भर की सार्वजनिक दीवारों पर पेंटिंग प्रदर्शित कराईं।
  • ब्राण्ड एम्बेसडर बेटियों को समारोहपूर्वक किया सम्मानित।
  • अस्पतालों के विज्ञापन में नवजात बालक के चित्र प्रदर्शित करने पर रोक लगाने वाला देश का पहला जिला है ग्वालियर।
  • महिला एवं अनुसूचित जाति के हितग्राहियों को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत उल्लेखनीय लाभ देकर भारत सरकार की स्टेण्डर योजना में ग्वालियर देश का चैम्पियन जिला बना है।
  • अल्प अवधि में सम्पूर्ण ग्वालियर जिले को खुले में शौचमुक्त बनाया गया है। साथ ही स्कूलों में बेटियों के लिये पृथक से शौचालय बनवाए गए हैं। इससे महिलाओं का सम्मान बढ़ा है।
  • जिले की सभी अल्ट्रासोनोग्राफी मशीनों की एक्टिव ट्रैकिंग डिवाइस के माध्यम से निगरानी की जाती है।
  • पीसी-पीएनडीटी एक्ट की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक हर माह नियमित रूप से होती है। साथ ही एक्ट के क्रियान्वयन की रणनीति तय की जाती है।
  • न्यायालयों में विचाराधीन पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रकरणों की मजबूती से पैरवी।

Share This News :