Home > अपना शहर ,
घोड़ों में बीमारी “ग्लेण्डर” की रोकथाम एवं उपचार की सभी एहतियाती

सावधानियाँ बरतने के कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को निर्देश 

घोड़ों में संक्रामक बीमारी ग्लेण्डर की संभावनाओं को देखते हुए ग्वालियर जिले में एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। कलेक्टर ने घोड़ों के मालिकों और उनके परिजनों का सीरम सेम्पल एकत्र कर निर्धारित लैब डीआरडीई ग्वालियर को जाँच हेतु तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं।

      कलेक्टर ने एहतियात के तौर पर सिविल सर्जन पशु चिकित्सा सेवायें ग्वालियर से संक्रामक घोड़ों का उपचार करने वाले चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों के सीरम सेम्पल भी जिला चिकित्सालय मुरार में जाकर देने को कहा है। उक्त बीमारी के संबंध में स्टेट सर्विलेंस यूनिट आईडीएसपी संचालनालय भोपाल, स्टेट एन्टोमॉलॉजिस्ट श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह व स्टेट वेटनरी कंसलटेंट भोपाल डॉ. ए के साकल्ले ने भी ग्वालियर आकर आईडीएसपी ग्वालियर की टीम द्वारा संभागीय आयुक्त स्वास्थ्य सेवायें, सिविल सर्जन ग्वालियर, प्रभारी पैथोलॉजिस्ट जिला हैल्थ लैब, उपसंचालक पशु चिकित्सा और सिविल सर्जन पशु चिकित्सा सेवाओं के साथ बैठक कर जिले की वर्तमान स्थिति तथा की जा रही कार्रवाई के संबंध में चर्चा की गई। चर्चा के दौरान संबंधित घोड़ा मालिकों व उनके परिजनों के सेम्पल मेडीकल टीम भेजकर एकत्रित करने व लक्षण के आधार पर प्रभावित व्यक्तियों के प्राथमिक उपचार के निर्देश दिए गए थे।

      स्वास्थ्य अमले द्वारा संबंधित घोड़ा मालिकों और उनके परिजनों से भेंट कर एहतियात के तौर पर सीरम सेम्पल जाँच हेतु देने को कहा गया है। टीम द्वारा अब तक घोड़ा मालिकों व उनके परिजनों के सेम्पल एकत्रित कर जाँच हेतु भेजे गए हैं। इसके साथ ही संक्रामक घोड़ों के क्षेत्रों में स्थित शासकीय अस्पतालों जिसमें सिविल डिस्पेंसरी जनकगंज, सिविल डिस्पेंसरी गोल पहाड़िया, हरिजन बस्ती औषधालय गेंडेवाली सड़क एवं सिविल हॉस्पिटल हेमसिंह की परेड के प्रभारी चिकित्सकों से चर्चा कर पिछले एक माह में बुखार के मरीजों की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल उपलब्ध कराने के लिये निर्देशित किया गया है।

      भोपाल से आए दल द्वारा स्थानीय पशु चिकित्सालय का भी भ्रमण किया गया और चिकित्सकों व पैरामेडीकल स्टाफ से चर्चा की गई तथा सभी के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई और एहतियात के तौर पर सभी स्टाफ को भी सीरम सेम्पल जाँच कराने की सलाह दी गई। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को सम्पूर्ण जिले में सतत् निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा बताया गया कि अभी तक जिले में किसी भी कर्मचारी अथवा जन-मानस को उक्त संक्रामक बीमारी होने की कोई सूचना नहीं मिली है।

Share This News :