Home > अपना शहर ,
बालिकाओं के शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सुधार हेतु संचालित लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत कलेक्टर ने 215 प्रकरणों में दी स्वीकृति

प्रदेश सरकार द्वारा बालिकाओं के जन्म के प्रति लोगों में सकारात्मक सोच, लिंग अनुपात में सुधार, बालिकाओं के शैक्षणिक स्तर तथा स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार और उनके अच्छे भविष्य की आधारशिला रखने के उद्देश्य से लाडली लक्ष्मी योजना लागू की गई है। योजना के तहत ग्वालियर जिले में कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने 215 प्रकरणों में स्वीकृति जारी की है। इसमें एक वर्ष से अधिक के 61 प्रकरण और दो वर्ष से अधिक के 154 प्रकरण शामिल हैं।

      जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री शालीन शर्मा ने बताया कि स्वीकृत प्रकरणों में शहरी परियोजना क्रं.-4 के 71, शहरी परियोजना क्रं.-2 के 3, परियोजना मुरार के 35, परियोजना गिर्द के 11, परियोजना डबरा क्रं.-1 के 19, क्रं.-2 के 12 तथा भितरवार के 64 प्रकरण शामिल हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत वर्ष 2006 अथवा उसके पश्चात जन्मीं बालिकाओं को लाभ दिया जायेगा। इसके लिये माता-पिता का मध्यप्रदेश का मूलनिवासी होना आवश्यक है। योजना के तहत प्रकरण में स्वीकृति उपरांत एक लाख 18 हजार रूपए का प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाता है। योजना के पात्र हितग्राहियों को महिला-बाल विकास विभाग द्वारा कक्षा-6वीं में प्रवेश पर 2 हजार रूपए, कक्षा-9वीं में प्रवेश पर 4 हजार रूपए, कक्षा-11वीं में प्रवेश पर 6 हजार रूपए और कक्षा-12 में प्रवेश पर 6 हजार रूपए ई-पेमेन्ट के माध्यम से भुगतान किया जाता है।

      लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बालिका की आयु 21 वर्ष पूर्ण होने पर एक लाख रूपए की राशि बालिका के विवाह हेतु प्रदान की जाती है। योजना का लाभ लेने हेतु आवेदन पत्र ऑनलाईन किए जा सकते हैं। योजना के तहत समस्त भुगतान ई-पेमेन्ट के माध्यम से किए जाते हैं।

Share This News :