Home > अपना शहर ,
पूर्वाग्रह के बगैर लोगों की समस्यायें हल करें – श्री रूपला

कमिश्नर, कलेक्टर व एसपी ने प्रशिक्षु अधिकारियों को बताए अच्छे लोक सेवक बनने के गुर 

अच्छे और सफल लोक सेवक को सदैव यह ध्यान रखना चाहिए कि कानून आदमी के लिये है, आदमी कानून के लिये नहीं। साथ ही बिना किसी पूर्वाग्रह के लोक सेवक को जन समस्याओं का निष्पादन करना चाहिए। उक्त आशय के विचार संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने व्यक्त किए। श्री रूपला राज्य प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।

      बुधवार को यहाँ तानसेन रेसीडेंसी में आयोजित हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में संभाग आयुक्त श्री रूपला, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने प्रशिक्षु अधिकारियों को बेहतर ढंग से प्रशासनिक कामकाज संपादित करने की बारीकियाँ बताईं। इस अवसर पर अपर जिला दण्डाधिकारी श्री शिवराज वर्मा भी मौजूद थे। मालूम हो प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी भोपाल के माध्यम से राज्य सिविल सेवा के 100 से अधिक प्रशिक्षु अधिकारी प्रशिक्षण भ्रमण पर ग्वालियर-चंबल संभाग के प्रवास पर आए हैं। अधिकारियों का यह दल 19 मार्च तक दोनों संभागों के प्रवास पर रहेगा।

      संभाग आयुक्त श्री रूपला ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासकीय कार्य के निर्वहन के समय अपने आप को एक आम आदमी की तरह रखकर देखें, तभी आप कार्य के साथ न्याय कर पायेंगे। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रति सदैव सकारात्मक सोच रखें।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि शासकीय सेवा के प्रारंभिक दो वर्ष अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में लोक सेवक की जो छवि निर्मित होती है, वह सारे सेवाकाल को प्रभावित करती है। इसलिये शुरूआत से ही सजग होकर अपने कर्तव्य का निर्वहन करें और समाज को अधिकारियों से जो अपेक्षा होती है, उस पर खरा उतरें। उन्होंने कहा कि लोक सेवक के रूप में अब आपको विद्यार्थी जीवन से कहीं अधिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। बडे से बड़े काम को आप चुनौती के रूप में लेकर पूरा कर सकते हैं।

      पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने कहा कि शासकीय कामकाज के निर्वहन में सेवा भाव जरूरी है। इससे हमें आत्मिक संतुष्टि भी मिलती है। उन्होंने खासतौर पर पुलिस अधिकारियों से कहा कि जिस भी क्षेत्र में पदस्थ हों, वहाँ के भौगोलिक, सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक पहलुओं को भलीभाँति समझ लेना चाहिए। ऐसा होने पर आप बेहतर ढंग से अपने दायित्‍व का निर्वहन कर सकेंगे।

Share This News :