Home > अपना शहर ,
असफलता सफलता की पहली सीढ़ी – संभाग आयुक्त श्री रूपला

संभाग आयुक्त द्वारा “उड़ान” कोचिंग-2017 का शुभारंभ 

संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने कहा है कि असफलता सफलता की पहली सीढ़ी है। इससे हताश न हों, अपना लक्ष्य निर्धारित करें और प्लानिंग के तहत उसे प्राप्त करने का प्रयास किया जाए। उन्होंने यह सलाह जिला प्रशासन द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिये चलाई जा रही “उड़ान” प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग के 2017 बैच के शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों को दी। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, एडीएम श्री शिवराज वर्मा, भोपाल से विषय विशेषज्ञ के रूप में आए प्रतिज्ञा अकेडमी के संचालक श्री अनिल उपाध्याय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और प्रतियोगी छात्र-छात्रायें उपस्थित थे।

      संभाग आयुक्त श्री रूपला ने कहा कि हमें अपने लक्ष्य को फोकस कर उसको प्राप्त करने के लिये अपनी शतप्रतिशत क्षमता का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनेक बार विद्यार्थी प्रथम या द्वितीय प्रयास में असफल हो जाने पर निराश हो जाते हैं, जो नहीं आने देना चाहिए। क्योंकि एक सफल व्यक्ति की अपेक्षा असफल व्यक्ति को व्यवहारिक ज्ञान अधिक होता है और जो प्रथम प्रयास में असफल होते हैं वह अपनी कमियों को पहचानते हुए पूरी शक्ति के साथ पुन: प्रयास करते हैं तो सफलता के सर्वोच्च शिखर को प्राप्त कर लेते हैं। उन्होंने अपने अध्ययन में निरंतरता बनाए रखने की सलाह भी विद्यार्थियों को दी। संभाग आयुक्त ने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे इस प्रयास के लिये कलेक्टर डॉ. गोयल और उनकी टीम को बधाई भी दी।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की प्रेरणा से ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा गत वर्ष से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिये प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग प्रारंभ की गई है। इस कोचिंग को परफेक्ट बनाने के लिये जिला प्रशासन द्वारा विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। जिन्हें प्रशासन द्वारा मानदेय का भुगतान भी किया जाता है। इस वर्ष से इस कोचिंग को ऑनलाईन कोचिंग के रूप में भी विकसित किया जायेगा।

      पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने कहा कि विद्यार्थी इस मंच का अधिकाधिक उपयोग करें, युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं होती। आवश्यकता है अपनी क्षमता को पहचानते हुए एकाग्रता के साथ सफलता के लिये प्रयास करने की।

      एडीएम और उड़ान कोचिंग के नोडल अधिकारी श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गत वर्ष से प्रारंभ की गई इस कोचिंग को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसमें ऑनलाईन सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था वेबकास्टिंग के द्वारा विषय विशेषज्ञों से विद्यार्थियों का इंट्राडक्शन, प्रतिमाह टेस्ट सीरीज प्रारंभ करना जैसे सुधारात्मक कार्य इस वर्ष से प्रारंभ किए जा रहे हैं।

      कार्यक्रम के दौरान अरिहंत प्रकाशन आगरा द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें भी कोचिंग को नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। यह क्रम भविष्य में भी जारी रहेगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा ने किया।

Share This News :