Home > अपना शहर ,
मुरार हॉकर्स जोन का काम तेजी से पूर्ण कराएँ: श्रीमती माया सिंह

नगरीय विकास मंत्री ने निरीक्षण के दौरान दिए निर्देश

हॉकर्स जोन मुरार में हाथठेला व्यवसाईयों के लिये पुख्ता बुनियादी सुविधायें जुटायें। साथ ही हॉकर्स जोन के लिये हाथ ठेलों की नम्बरिंग कर कार्ड भी जारी करें, जिससे पात्र हाथठेला व्यवसायी सुविधाजनक तरीके से अपना व्यवसाय कर सकें। यह निर्देश नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने हॉकर्स जोन के काम में हो रही देरी और गुणवत्ता ठीक न होने पर नाराजगी जताई। साथ ही निर्देश दिए कि हॉकर्स जोन क्षेत्र में नाला पाटने का काम करने वाले ठेकेदार का भुगतान तभी करें जब कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो जाए।
मुरार क्षेत्र में वार्ड क्रं.-26 व 27 से होकर गुजर रहे नाले को पाटकर हॉकर्स जोन का निर्माण किया जा रहा है। मंत्री श्रीमती माया सिंह द्वारा गुरूवार को किए गए हॉकर्स जोन के निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, एमआईसी सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा तथा अधीक्षण यंत्री श्री प्रदीप चतुर्वेदी, उपायुक्त श्री एपीएस भदौरिया, क्लस्टर अधिकारी श्री सुरेश अहिरवार एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
मुरार हॉकर्स जोन के निर्माण के लिये लगभग 96 लाख की लागत से नाला पाटने का काम तकरीबन पूर्ण हो चुका है। इसी कड़ी में अब 57 लाख रूपए की लागत से लगभग 200 मीटर लम्बाई में दोनों ओर सीसी रोड़ और बीच में टीनशेड का निर्माण कराया जायेगा। मंत्री श्रीमती माया सिंह ने हॉकर्स जोन क्षेत्र में सुलभ शौचालय (सामूहिक स्वच्छता परिसर) का निर्माण शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए हैं। इसके निर्माण पर लगभग 18 लाख रूपए की लागत आयेगी।
नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी ने इस मौके पर जानकारी दी कि हॉकर्स जोन के शेष काम के लिये वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। इस कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि हॉकर्स जोन क्षेत्र में सीसी रोड़ व टीनशेड बनाने से पहले सम्पूर्ण क्षेत्र को पूर्णतरू साफ-सुथरा भी किया जायेगा।
इस हॉकर्स जोन में खासतौर पर उन ठेला व्यवसाईयों को शिफ्ट किया जायेगा जो अभी बारादरी - एम एच रोड़ तथा मुरार क्षेत्र के अन्य प्रमुख मार्गों पर खड़े होकर कारोबार कर रहे हैं। इससे मुरार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधरेगी, साथ ही हाथ ठेला व्यवसायी भी अच्छे परिसर से अपना कारोबार कर सकेंगे।

  

Share This News :