Home > अपना शहर ,
युवा पीढ़ी के एक हाथ में ज्ञान की ज्योति और दूसरे हाथ में राष्ट्रभक्ति हो – श्री पवैया

उच्च शिक्षा मंत्री ने आरकेवीएम में किया शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ 

शैक्षणिक कार्य केवल रोजगार का साधन भर नहीं, शिक्षक देश का भविष्य गढ़ते हैं। इसलिये शिक्षकगण बच्चों को ऐसी शिक्षा प्रदान करें, जिससे युवा पीढ़ी के एक हाथ में ज्ञान की ज्योति और दूसरे हाथ में राष्ट्रभक्ति हो। उक्त आशय के विचार उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने व्यक्त किए। श्री पवैया रामकृष्ण मिशन स्कूल (आरकेवीएम) में शुक्रवार से शुरू हुए दो दिवसीय टीचर्स ट्रेनिंग वर्कशॉप के उदघाटन सत्र में प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं को संबोधित कर रहे थे।

      यहाँ ठाठीपुर स्थित रामकृष्ण मिशन स्कूल में शिक्षकों के लिये यह नागरिक जागृत कार्यशाला (Awakened Citizen Program) रामकृष्ण मिशन स्कूल नईदिल्ली के सहयोग से आयोजित हो रही है। कार्यशाला में भाग ले रहे शिक्षकों को खासतौर पर 6वीं, 7वीं एवं 8वीं के बच्चों को बेहतर ढंग से शिक्षित करने की बारीकियाँ सिखाई जा रही हैं।

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने शिक्षकों का आहवान किया कि वे बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ नैतिक शिक्षा व जीवन जीने की कला भी सिखायें। उन्होंने कहा शिक्षा ऐसी हो जिससे बच्चे सामाजिक सरोकारों से जुड़ें, साथ ही उनमें राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता भी जागृत हो। श्री पवैया ने कहा कि बच्चों के लिये स्वामी विवेकानंद से बढ़कर कोई भी आदर्श व्यक्तित्व नहीं हो सकता। इसलिये बच्चों को स्वामी विवेकानंद द्वारा बताए मार्ग पर चलने के लिये प्रेरित करें।

      श्री पवैया ने शिक्षा और विद्या के बीच का भेद उजागर करते हुए कहा कि शिक्षा मनुष्य को केवल साक्षर बनाकर भौतिक ज्ञान का आभास कराती है। मगर विद्या व्यक्तित्व का सम्पूर्ण विकास करती है। साथ ही मनुष्य के भीतर छुपी हुई शक्तियों को भी जागृत करती है। विद्या मनुष्य को जीवन जीने की कला सिखाती है। उन्होंने कहा अधूरे मानव को विद्या ज्ञान के जरिए सामाजिक सरोकारों से जोड़कर पूर्ण मानव बनाया जा सकता है।

      कार्यक्रम के आरंभ में रामकृष्ण मिशन स्कूल के प्राचार्य स्वामी स्वप्रदीप्तानंद जी ने कार्यशाला की विषय वस्तु पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर एलएनआईपीई के डॉ. जे पी वर्मा व सहोदय ग्वालियर के चेयरमेन श्री निकेश शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। शुरूआत में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।

Share This News :