Home > अपना शहर ,
सामाजिक उत्थान के लिये हम सभी को आगे आना होगा : राकेश जादौन

ग्वालियर। विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राकेश जादौन ने कहा है कि हमें अपने विकास अपने सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिये जागरूक होना होगा। हर योजना के लाभ के लिये हमें आगे आना होगा। बगैर जागरूकता के हम अपना स्वयं का विकास नहीं कर सकते हैं। अध्यक्ष जादौन ग्राम जमाहर में क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार की ग्वालियर इकाई द्वारा आयोजित शिविर को संबोधित कर रहे थे। 
शिविर में स्वच्छता, सफाई, बीमारियों से बचाव हेतु उपायए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना व बैंकिंग तथा महिला एवं बाल विकास, पोषण-कुपोषण पर केन्द्रित अनेकों योजनाओं की जानकारियाँ दी गईं। शिविर के पूर्व जमाहर गाँव में रैली का आयोजन किया गया। जिसमें गाँव के महिलाएं-पुरूषों एवं बच्चों ने भाग लिया। रैली को परियोजना अधिकारी विरचुरकर ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में महिलाए पुरूषों एवं बच्चों के हाथों में विभिन्न योजनाओं के नारे लिखे बैनर एवं तखतियाँ लेकर चल रहे थे। 
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय के ग्वालियर इकाई के प्रभारी सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी चंद्रशेखर चौहान, मंदसौर इकाई के सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी रामस्वरूप प्रजापति, जनसंपर्क के संयुक्त संचालक डी डी शाक्यवार, नेहरू युवा केन्द्र संगठन के जिला युवा समन्वयक आर एस तोमर, एकीकृत महिला बाल विकास के परियोजना अधिकारी विवेक विरचुरकर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक दिनेश कटारिया, पार्षद प्रतिनिधि राकेश लोधी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद थे।

Share This News :