Home > अपना शहर ,
सिंधिया 3 अप्रैल से संभालेंगे उपचुनाव की कमान

ग्वालियर ( विनय शर्मा )। सिंधिया राजवंश के मुखिया एवं गुना के सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया 3 अप्रैल से अटेर विधानसभा के लिये होने जा रहे उपचुनाव की कमान संभालेंगे। वह 6 अप्रैल तक लगभग एक दर्जन से अधिक सभाओं को सम्बंधित करेंगे। हालांकि सिंधिया का यह दौरा कांग्रेस की एकता के मद्देनजर है लेकिन इससे पूर्व भिंड के कद्दावर नेता डॉ. गोविंद सिंह की पहले अनदेखी कर मीडिया में आने के बाद में उन्हें स्टार प्रचारक बनाने से एकता में विष घोलने जैसी है। 
कांग्रेस में एकता की खबरों के चलते यह पहला उपचुनाव है। इस उपचुनाव में जहां कांग्रेस सहानुभूति के साथ ही भाजपा के पूर्व विधायक अरविंद भदौरिया की बेरुखी से कांग्रेस के पक्ष में हवा थी लेकिन भाजपा सरकार और नेताओं के लगातार दौरे से हवा का रूख किस ओर जायेगा, यह तय नहीं है। अब 3 अप्रैल से क्षेत्र में जहां सिंधिया धुआंधार सभाएं करेंगे। वहीं सिंधिया के साथ कांग्रेस के अन्य गुट रहेंगे। यह अभी भी संशय बना हुआ है। ऐसे में कांग्रेस का ऊंट किस करवट बैठेगा। यह कहना मुश्किल ही रहेगा क्योंकि सिंधिया गुट द्वारा भिण्ड के कद्दावर नेता डॉ. गोविंद सिंह की अनदेखी की। हालांकि एकता के चलते प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह उर्फ राहुल भैय्या, विधायक केपी सिंह, स्व. सत्यदेव कटारे के पुत्र हेमंत कटारे का पर्चा भरवाने गये। वहीं अरविंद भदौरिया का पर्चा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, मंत्री लाल सिंह आर्य, सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद के साथ भरा। वहीं मंत्री रूस्तम सिंह, लाल सिंह आर्य क्षेत्र में लगातार सभाएं कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान भी मैदान में मोर्चा संभाले हैं लेकिन कांग्रेस ने नेता जब से गये, उसके बाद मुड़के भी नहीं देखा। सिंधिया मैदान में पहुंचेंगे, कांग्रेस के अन्य नेताओं के पहुंचने की संभावना कम है। इससे कांग्रेस की एकता एक बार फिर तार-तार होती दिख रही है।

Share This News :