Home > अपना शहर ,
गीतांजलि गर्ल्स हॉस्टल पर छापामार कार्रवाई, संचालक से वसूला जुर्माना

ग्वालियर | छात्राओं की फरियाद को अनसुनी कर साफ-सफाई न कराना मैनावाली गली स्थित गीतांजलि गर्ल्स हॉस्टल के संचालक को भारी पड़ा है। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के निर्देश पर नगर निगम के अमले द्वारा इस हॉस्टल पर छापामार कार्रवाई कर संचालक से जुर्माना वसूला गया है। साथ ही हॉस्टल को पूर्णत: साफ-सुथरा रखने के लिये दो दिन की मोहलत दी गई है। गीतांजलि हॉस्टल की छात्राओं ने वाट्सएप के जरिए कलेक्टर डॉ. संजय गोयल से हॉस्टल में साफ-सफाई न रहने के संबंध में शिकायत की थी। 
कलेक्टर के निर्देश पर गए नगर निगम के दल ने बारीकी से इस हॉस्टल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में यह बात सामने आई कि हॉस्टल की पानी की टंकियों के ढक्कन खुले हुए थे। साथ ही किचन में खराब खाद्य सामग्री रखी हुई थी, जिसे नगर निगम के अमले द्वारा फिकवाया गया। टंकियों के ढक्कन भी लगवाए गए हैं। शहर के वार्ड क्रं.-57 के अंतर्गत मैनावाली गली स्थित गीतांजलि गर्ल्स हॉस्टल के संचालक हेमन्त शिवहरे से पाँच हजार रूपए का जुर्माना वसूल किया गया है। साथ ही दो दिवस में पानी की टंकियाँ व कूलर सहित समस्त हॉस्टल को पूर्णत: साफ-सुथरा करने के निर्देश दिए गए हैं। हॉस्टल संचालक को चेतावनी दी गई है कि ठीक ढंग से साफ-सफाई न होने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जायेगी। कार्रवाई दल में सर्किल ऑफीसर सतेन्द्र सिंह यादव, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी और जोनल ऑफीसर वीरेन्द्र शाक्य सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। 

Share This News :