Home > अपना शहर ,
शहर से सटे आधा दर्जन गाँवों की पेयजल समस्या जल्द हल होगी

ग्वालियर | ग्वालियर शहर व साडा के समीप बसे आधा दर्जन गाँवों की पेयजल समस्या का जल्द ही समाधान होगा। विधायक भारत सिंह कुशवाह की मौजूदगी में कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बुधवार को पेयजल व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली। 
बैठक में तय किया गया कि ग्राम घमण्डीपुरा को साडा की टंकी से पेयजल की आपूर्ति की जायेगी। यहाँ की पेयजल आपूर्ति जल्द ही शुरू हो जायेगी। इसके लिये ग्राम पंचायत निर्धारित शुल्क अदा करेगी। कलेक्टर डॉ. गोयल ने ग्राम झण्डा का पुरा, ओडपुरा, सौजना, महाराजपुरा तथा तिघरा के सरकारी स्कूल की पेयजल आपूर्ति के लिये जल निगम के माध्यम से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। विधायक भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि इन ग्रामों को तिघरा जलाशय की पाइपलाईन से जोड़कर पेयजल सप्लाई में विधायक निधि से भी आर्थिक मदद दी जायेगी। उन्होंने कहा कि मेन पाइप लाईन से पानी इकट्ठा करने के मकसद से बनाए जाने वाले हौद निर्माण के लिये वे विधायक निधि से धनराशि मुहैया कराने के लिये तैयार हैं। मालूम हो इन गाँवों की पेयजल समस्या के समाधान के लिये स्थानीय विधायक भारत सिंह कुशवाह विशेष रूप से प्रयासरत हैं। उन्हीं की पहल पर कलेक्टर डॉ. गोयल ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। बैठक में अधीक्षण यंत्री नगर निगम व साडा आर एल एस मौर्य सहित सहायक यंत्री जलसंसाधन व पीएचई के मैदानी अधिकारी मौजूद थे। 

Share This News :