Home > अपना शहर ,
आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई निगम अभियान चलाकर करे - कलेक्टर

ग्वालियर | कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने शहर में आवारा पशुओं को पकड़ने के लिये विशेष अभियान चलाने के निर्देश नगर निगम को दिए हैं। गुरूवार की शाम शिंदे की छावनी रामबाग कॉलोनी के समीप आवारा सांडों की लड़ाई में हुई एक बालिका की मृत्यु पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने यह निर्देश दिए हैं। 
डॉ. गोयल ने कहा कि शहर में घूमने वाले आवारा गायों, सांड, कुत्तों और सुअरों के कारण अनेक दुर्घटनायें घटित हो जाती हैं। जिनके परिणाम स्वरूप जान-माल का नुकसान होता है। उन्होंने इन आवारों पशुओं को निगम द्वारा पकड़कर निगम की गौशाला में भेजने का कार्य किया जाता है। निगम द्वारा गौशाला में ही गायों के अतिरिक्त अन्य जानवरों को रखने की व्यवस्था भी की गई है। आवारा पशुओं को पकड़ने के लिये निगम द्वारा निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। निगम द्वारा आवारा पशुओं को पकड़ने के लिये मदाखलत ऑफिस के दूरभाष क्रमांक-0751-2438358 के साथ ही नोडल अधिकारी के मोबाइल नं. 9406915668 पर सूचना दी जा सकती है। 
कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आम लोगों की सूचना पर आवारा पशुओं को पकड़ने के साथ ही निगम के अधिकारी प्रत्येक जोन स्तर पर आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई के लिये विशेष अभियान चलायें। उन्होंने कहा है कि शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों में आवारा पशु पाए जाने पर तत्काल उन्हें पकड़ने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पकड़े गए आवारा पशुओं को छोड़ने से पूर्व पशु पालकों को यह निर्देशित किया जाए कि अगली बार अगर पशु सड़क पर पाया गया तो उसे छोड़ा नहीं जायेगा। 
कलेक्टर डॉ. गोयल ने आम जनों से भी आग्रह किया है कि मुख्य सड़कों के साथ-साथ उनके घर के आस-पास गली मोहल्ले में भी अगर आवारा पशु दिखाई दें तो उसकी सूचना तत्काल निगम के मदाखलत ऑफिस और नोडल अधिकारी को दी जाए। नोडल अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि जो भी सूचना आवारा पशुओं के संबंध में प्राप्त होती है, उन पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई की जाए। कलेक्टर द्वारा उक्त कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी नगर निगम के अधिकारियों को दिए हैं। 

Share This News :