Home > अपना शहर ,
ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम हैं शिविर - कलेक्टर

ग्वालियर | कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा है कि ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है लोक कल्याणकारी शिविर। उन्होंने यह बात जनपद पंचायत मुख्यालय भितरवार में आयोजित जिला स्तरीय लोक कल्याणकारी शिविर में कही। शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बल्ली चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। शिविर में एसडीएम इकबाल खान, एसडीओपी आर सी घनघोरिया सहित जिला अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 137 प्रकरणों का निराकरण किया गया।  
डॉ. गोयल ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेशवासियों को उनकी समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिये अनेक प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराए गए हैं। इसके बाबजूद लोक कल्याणकारी शिविरों की उपयोगिता बरकरार है। उन्होंने कहा कि इन शिविरा में प्रशासनिक अमले, जनप्रतिनिधि और हितग्राही के मध्य सीधा संवाद स्थापित हो जाता है। हितग्राही अगर समस्या के समाधान से संतुष्ट नहीं होता तो वह तुरंत अपनी सहमति और असहमति व्यक्त करता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समस्याओं के निराकरण में मानवीय और व्यवहारिक दृष्टिकोंण अपनायें। उन्होंने शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित आईं शिकायतों और मांगों का समक्ष में निराकरण कराया तथा जिला अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों की योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की। 
फौती नामांतरण का मौके पर किया समाधान
भितरवार तहसील के ग्राम नजरपुर निवासी विजय सिंह पुत्र स्व. मजबूत सिंह का फौती नामांतरण जो 13 वर्षों से लंबित था, उसका कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा मौके पर ही निराकरण कराया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे प्रकरण जिनमें खातेदार लापता हो जाता है और उसके परिजन उसकी मृत्यु मानकर नामांतरण के लिये मांग करते हैं, ऐसे अविवाद नामांतरणों का निराकरण किया जा सकता है। उन्होंने तहसीलदार कौरव को प्रकरण के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। 
12 गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ा जायेगा  
शिविर के दौरान ग्राम बनियातोर के 12 आवेदकों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास की मांग किए जाने और सचिव द्वारा उनका नाम सर्वेक्षण सूची में न होने की बात पर कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि इन सभी हितग्राहियों के नाम आगामी सूची में सम्मिलित कर इन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाए। 
देवरीकला सचिव को निलंबित करने के निर्देश
शिविर के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर ग्राम पंचायत देवरीकला के सचिव को निलंबित करने के निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा दिए गए। 
सहायक विकास अधिकारी के समयमान, वेतनमान की माँग 
शिविर में जनपद पंचायत भितरवार में पदस्थ सहायक विकास विस्तार अधिकारियों द्वारा भी समयमान, वेतनमान की माँग कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने की गई। जिस पर उनके द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत से चर्चा कर प्रकरण के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। 
स्वच्छता अभियान में जिले की अच्छी रैंकिंग के लिये बधाई
कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने ग्रामीणों से चर्चा के दौरान उन्हें खुले में शौच मुक्त जिला बनाने में भितरवार वासियों द्वारा किए गए सहयोग के लिये आभार माना और कहा कि ग्वालियर जिला प्रदेश के उन तीन जिलों में सम्मिलित है, जिनके शहरी और ग्रामीण क्षेत्र दोनों खुले में शौच से मुक्त घोषित किए जा चुके हैं। 

Share This News :