Home > अपना शहर ,
पत्रकारिता में नारदजी की आँख और वाणी जैसे सामंजस्य की जरूरत : रूपला

ग्वालियर । देवऋषि नारद जी की आंख व वाणी में जो सामंजस्य था, आज की पत्रकरिता में भी वैसे ही सामंजस्य की जरूरत है। यह बात संभाग आयुक्त एस एन रूपाला ने कही। रूपला रविवार को मामा माणिकचंद वाजपेयी स्मृति सेवा न्यास, ग्वालियर के तत्वावधान में आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह एवं  ‘पत्रकारिता का भविष्य और भविष्य की पत्रकारिता’ विषय पर आयोजित हुई संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम नई सड़क स्थित राष्ट्रोत्थान न्यास भवन के विवेकानंद सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यास के अध्यक्ष दीपक सचेती ने की। कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए पत्रकारों का सम्मान किया गया। 
संभागायुक्त एस.एन. रूपला ने कहा कि भिन्न-भिन्न जगह का पानी व अलग-अलग लोगों का रक्त देखने में एक जैसे दिखाई देते हैं। मगर इनकी जाँच में कई तरह के तत्व सामने आते हैं। इसी तरह समाचार सामग्री की गहरी छानबीन कर उसे प्रसारित करना चाहिए, तभी वह खबर सत्य के नजदीक होगी। ऐसा न करने से पत्रकारिता में भी ऐसा परिलक्षित होता है कि जो व्यक्त हो रहा है, वह दिखाई नहीं दे रहा है और जो दिखाई दे रहा है, वह व्यक्त नहीं हो रहा है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर ने कहा भारत में पत्रकारिता कभी कमीशन नहीं, मिशन ही थी। यदि हम मिशन भाव से काम नहीं करेंगे तो पत्रकारिता लम्बी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि नारद जी के संवाद में विलक्षण बात है। उनसे सीखने वाली बात यह है कि वे देवताओं और असुरों दोनों को कवर करते थे। उनके सामने सोर्सेस की कमी नहीं थी। उनके पास खबर चलकर नहीं आती थी। वे खबर को भांप लेते थे। उनके संवाद में आवाज ऊंची नहीं होती थी बल्कि तर्क और जिज्ञासा का भाव ऊंचा होता था। संवाद में शब्दों का चयन और गरिमा होती थी। वे हल्की बात नहीं करते थे। उनके हर शब्द का अर्थ गूढ़ होता था। नारद जी के संवाद में जो बात दिखाई देती है यही हमारी पत्रकारिता की लीक थी। 
विशिष्ट अतिथि लोकसभा टीवी के वरिष्ठ पत्रकार मनोज वर्मा ने कहा कि आज भविष्य की पत्रकारिता को प्रभावी और सत्यपरक बनाने की जरूरत है। मामा माणिकचंद वाजपेयी स्मृति सेवा न्यास के अध्यक्ष दीपक सचेती ने कहा कि न्यास जिस विलक्षण शख्सियत के नाम पर कार्य कर रही है, उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी पत्रकारिता को जीवित रखा। प्रारंभ में अतिथियों ने मां भारती एवं देवर्षि नारद जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात न्यास के अध्यक्ष दीपक सचेती, गोपाल त्यागी, महेश शिवहरे, प्रदीप शास्त्री, हमंत त्रिपाठी, निशांत शर्मा, फूलचंद मीणा ने शॉल व श्रीफल भेंटकर अतिथियों का स्वागत किया। सुधीर शर्मा ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी। अंत में रामकृष्ण उपाध्याय, बृजमोहन शर्मा, सुरेन्द्र ठाकुर एवं गौरव वाजपेयी ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन राजेश वाधवानी ने एवं आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक राजलखन सिंह ने किया। 

Share This News :