Homeखास खबरे,अपना मध्यप्रदेश,
किसानों की हड़ताल: सब्जियों और दूध की आपूर्ति प्रभावित, प्रशासन आवश्यक उपाय में जुटा

भोपाल। मध्य प्रदेश में तीसरे दिन भी किसानों की हड़ताल जारी रही। इस बीच भोपाल में आज से सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन फल, सब्जियां और दूध की आपूर्ति निरंतर बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय में जुटा है। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने देवेन्द्र फडणवीस के आश्वासन के बाद किसानों ने हड़ताल समाप्त कर दी है। पढ़ें पूरी खबर...

-किसानों की हड़ताल के दौरान शनिवार को नेशनल हाइवे-7 पर जबलपुर के डेयरी संचालक भैंसों के साथ प्रदर्शन करने पहुंचे, इससे यातायात खासा प्रभावित हुआ। सड़कों पर हंगामा कर रहे किसानों को मौके से भगाने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।

-प्रदेश में महाराष्ट्र की सीमा से लगे पश्चिमी हिस्सों के साथ ही मालवांचल में पिछले तीन दिनों से जारी किसानों के आंदोलन के मद्देनजर संबंधित जिला प्रशासनों को सतर्क रहने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।


-आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य के धार, रतलाम, इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, आगरमालवा, शाजापुर और मालवांचल के अन्य जिलों में पिछले तीन दिनों से किसानों के आंदोलन के बीच कुछ स्थानों पर सड़क पर दूध बहाने और सब्जियों की आपूर्ति रोकने की सूचनाएं मिली हैं।
-राज्य सरकार पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और संबंधित जिला प्रशासन से एहतियातन सभी आवश्यक उपाय करने तथा कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए और अधिक सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

-शहर में तीसरे दिन दूध, फल और सब्जी तुलनात्मक रूप से महंगे दामों पर पहुंच रही हैं। प्रदेश के कुछ शहरों में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल के साथ ही त्वरित कार्य बल (आरएएफ) के जवानों को भी तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि किसानों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर प्रदेश के सभी पुलिस थाने सचेत हो गए हैं।

-भारतीय किसान सेना के जगदीश रावलिया के अनुसार वे पूर्व निर्धारित योजना अनुसार 1 जून से 10 जून तक लगातार विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि फल, सब्जी और दुग्ध व्यवसाय से जुड़े किसानों को न्यूनतम निर्धारित मूल्य बढ़ाने और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करवाने की मुख्य मांग को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। इसके साथ ही किसान चना, गेंहूं, सोयाबीन और समस्त दालों का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

Share This News :