Homeमनोरंजन ,
अमिताभ, शाहरुख के बाद अब मैडम तुसाद में लगेगा 'बाहुबली' का स्टैचू

‘बाहुबली’ फिल्म के अभिनेता प्रभास की मोम की मूर्ति बैंकॉक के मैडम तुसाद संग्रहालय में लगाई जाएगी। वह पहले दक्षिण भारतीय अभिनेता हैं जिनकी मूर्ति प्रतिष्ठित संग्रहालय में लगाई जाएगी। ‘बाहुबली’ के निर्देशक एस एस राजामौली ने ट्विटर पर यह खबर साझा की।
उन्होंने ट्वीट किया कि यह बताने में बहुत खुशी महसूस हो रही है कि मैडम तुसाद संग्रहालय हमारे प्रभास की एक मोम की मूर्ति बना रहा है। यह सम्मान पाने वाले वह पहले दक्षिण भारतीय हैं। 36 साल के अभिनेता की मोम की मूर्ति का अगले साल मार्च में अनावरण किया जाएगा। राजामौली ने कहा कि मार्च, 2017 में बैंकॉक में मूर्ति का अनावरण किया जाएगा और इसके बाद उसे पूरी दुनिया में घूमाया जाएगा।
तेलुगू फिल्मों के अभिनेता प्रभास ने 2002 में ‘ईश्वर’ फिल्म से सिनेमा की दुनिया में कदम रखा था। वह 2015 में आयी फिल्म ‘बाहुबली: द बिगनिंग’ से भारत और विदेशों में लोकप्रिय हो गए। फिल्म का दूसरा हिस्सा ‘बाहुबली: द कन्क्लूजन’ 28 अप्रैल, 2017 को रिलीज होगा।
मैडम तुसाद में पहले से अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान, ऐश्वर्या राय बच्चन, ऋतिक रोशन, करीना कपूर, माधुरी दीक्षित और कैटरीना कैफ जैसे दूसरे कलाकारों की मूर्तियां हैं।

Share This News :