Home > अपना शहर ,
बेटियाँ सफलता की ओर कदम बढ़ाएँ, शासन और समाज उनके साथ हैं : माया सिंह

जिले की ब्राण्ड एम्बेसडर और प्रतिभाशाली बेटियों का सम्मान
ग्वालियर | प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि बेटियां सफलता की ओर अपने कदम मजबूती के साथ बढ़ाएं। शासन और समाज दोनों उनके साथ हैं। उन्होंने यह बात बेटी है तो कल है सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता उपस्थित थीं। इस कार्यक्रम में बेटी बचाओ अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा चुनी गईं ब्रांड एंबेसडर वीडियो तथा मेघावी बेटियों का सम्मान किया गया।
श्रीमती माया सिंह ने कहा कि बेटियों को बेटों के बराबर तथा महिलाओं को पुरुषों के बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे है। परिणाम स्वरूप लोगो का मानस बदला है, बेटियों ने भी समाज के हर क्षेत्र में अपनी कीर्ति पताका फहराई है। उन्होंने कहा कि शासन कानून बनाकर बेटियों को बराबर का हक दिलाने का प्रयास कर रहा है। इसके साथ ही सामाजिक संस्थाएं भी बेटे और बेटियों में भेद को समाप्त करने के लिए जन जागृति फैलाने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया मध्यप्रदेश शासन द्वारा सन 2007 में ही महिला सशक्तिकरण कानून बनाया गया था। साथ ही कोई भी व्यक्ति बेटियों को बोझ न समझे, इसके लिए सरकार द्वारा लाड़ली लक्ष्मी, तेजस्वी, लाडो, स्वागत लक्ष्मी जैसी योजनाएं बनाकर उन्हें बराबरी का हक दिलाने के लिए कृत संकल्पित हैं। उन्होंने बेटियों को आगाह किया कि वे भूत से सीखें और वर्तमान को गडकर सुंदर भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा बेटी बचाओ अभियान के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की। साथ ही कार्यक्रम में सम्मानित सभी बेटियों को सुखद भविष्य और लक्ष्य प्राप्ति की शुभकामनाएं भी दी।
कार्यक्रम के अध्यक्ष कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा गत 2 वर्षों से लगातार जिले की प्रतिभाशाली 13 बेटियों को ब्रांड एंबेसडर के रूप में चयनित कर समाज में बेटियों के सुखद भविष्य का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा 13 बेटियों को चुनकर आम लोगों की 13 की संख्या के बारे में बने मिथक को तोड़ने का प्रयास भी किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बेटी बचाओ अभियान से जुड़ने वाली सभी व्यक्तियों और संस्थाओं को भरपूर सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने ऐसे माता-पिता जिनकी केवल बेटियां ही संतान हैं और जो विवाह होने के बाद घर से विदा हो जाती हैं, ऐसे माता पिता के लिए केयर सेंटर बनाए जाने पर विचार करने की बात भी कही।
पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने कहा कि बेटियां ईश्वर की सुंदर प्रति है। अगर बेटी न होती तो इस सृष्टि की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि बेटियां ही समाज का और परिवार का निर्माण करती हैं। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था की संयोजक श्रीमती वंदना प्रेमी और श्री भूपेन्द्र प्रेमी ने संस्था के उद्देश्यों व कार्यकलापों के बारे में विस्तार से बतलाया। कार्यक्रम में वर्ष 2016-17 और 2017-18 में चयनित की गई 26 ब्रांड एम्‍बेस्डर बेटियों को स्मृति चिन्ह प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर ग्वालियर जिले और शहर का नाम रोशन करने वाली बेटियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर अतिथिगण द्वारा सम्मानित किया गया।
इनमें इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में ऑल इंडिया लेवल पर 65 रैंक प्राप्त करने पर कुमारी आयुषी वशिष्ठ तथा कु. मेघा गुप्ता, कु. इशिका चतुर्वेद, कु. अक्षरा पुष्पक, कु. रितलिका शर्मा, कु. जूही शर्मा, कु. प्रतिभा चौहान, कु. शिराली रूनवाल, कु. कृतिका आर्य, कु. अंतरा पाठक, कु. निधि बरैया, कु. हनी धवन, कु. लवली पाठक और कु. सिमरन नारंग को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के मीडिया अधिकारी निवारिया को भी उनके उल्लेखनीय सेवाओं के लिये प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

Share This News :