Homeप्रमुख खबरे,खास खबरे,अपना मध्यप्रदेश,
609 करोड़ लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास स्वच्छता समागम कार्यक्रम 6 जून को

ग्वालियर । ग्वालियर में 609 करोड़ 41 लाख रूपए के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं स्वच्छता समागम कार्यक्रम का आयोजन 6 जून को होगा। यह आयोजन केन्द्रीय पोत परिवहन, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक व संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। केन्द्रीय ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री नरेन्द्र सिहं तोमर इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
ग्वालियर के फूलबाग मैदान पर शाम 5 बजे आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री रामपाल सिंह, किसान कल्याण व कृषि विकास मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गौरीशंकर बिसेन, प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, लोक स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्र रूस्तम सिंह, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री दीपक जोशी, राज्यसभा सांसद प्रभात झा, मुरैना के सांसद अनूप मिश्रा, ग्वालियर महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, विधायकगण नारायण सिंह कुशवाह, भारत सिंह कुशवाह, श्रीमती इमरती देवी, लाखन सिंह, मुरैना जिले के विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय चौधरी, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राकेश जादौन एवं ग्वालियर नगर निगम के सभापति राकेश माहौर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इन आरओबी, सड़क और विकास कार्यों का होगा शिलान्यास
 विवेकानंद नीडम रोड़ रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज, लागत 42 करोड़ 80 लाख।
 रेसकोर्स रोड़-तानसेन नगर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज लागत 35 करोड़ 81 लाख ।
 शताब्दीपुरम मार्ग की रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज लागत, 20 करोड़ 73 लाख ।
 मलगढ़ा (भदरौली) मार्ग रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज, लागत 23 करोड़ 70 लाख ।
 मुरैना शहर में एबी रोड़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्र.-3 पर फ्लाई ओवर, लागत 116 करोड़ ।
 रायरू से नयागाँव तक का उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण, लागत लगभग 155 करोड़ ।
 एनएच-75 पर सिमरिया टेकरी से हरीपुरा मार्ग सड़क लागत 63 करोड़ 13 लाख।
 मोहना कस्बे के भीतर सड़क निर्माण, लागत 22 करोड 89 लाख ।
 जौरासी हनुमान जी मंदिर मार्ग पर सड़क निर्माण, लागत 4 करोड़ 14 लाख ।
 सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी भवन निर्माण, लागत 40 करोड़ 10 लाख ।
 प्लास्टिक पार्क बिलौआ, लागत 84 करोड़ 43 लाख।

कलेक्टर एवं एसपी ने ली बैठक
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। डॉ. गोयल ने कहा कि जिन अधिकारियों को कार्यक्रम के संबंध में जवाबदारी सौंपी गई है वे अपने दायित्वों का निर्वहन सजगता के साथ करें और अपने मोबाइल फोन चालू रखें। उन्होंने कहा कि फूलबाग मैदान स्थित नगर निगम के पीआरओ ऑफिस में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिये कंट्रोल रूम गठित किया गया है। इसके साथ ही जिला कलेक्ट्रेट में भी कंट्रोल रूम स्थापित कर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम में मंच की सम्पूर्ण व्यवस्था के लिये अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान को प्रभारी बनाया गया है। एडीएम और एडिशनल एसपी को कार्यक्रम स्थल की सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जिलेभर से लोग आयेंगे। इन लोगों को आने वाले वाहनों की पार्किंग सुव्यवस्थित ढंग से करायें। आगुंतकों के लिये पेयजल इत्यादि व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगर निगम आयुक्त को सौंपी गई है।
कलेक्टर ने कहा कि कानून व्यवस्था में लगे अधिकारी भी अपनी-अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सतर्कता के साथ करें। इसके साथ ही विमानतल और मुरार विश्राम गृह में भी जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है वे समय पर उपस्थित रहकर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सीय दल तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रखने और बाहर से आने वाले सभी लोगों को पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल के आस-पास स्ट्रीट लाईट चालू रहे, यह सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Share This News :