Home > अपना शहर ,
कलेक्टर ने बंधौली पहुँचकर वृक्षारोपण का लिया जायजा

ग्वालियर । जिले में चयनित सभी पौध रक्षकों को पौधरोपण व पौधों के रख-रखाव का प्रशिक्षण दिलायें। जिससे लगाए गए पौधे पेड़ बन सकें। यह निर्देश कलेक्टर राहुल जैन ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए हैं। जैन बुधवार को जनपद पंचायत मुरार के ग्राम बंधौली में महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत समूह में किए जा रहे वृक्षारोपण का जायजा लेने पहुँचे थे। 
मालूम हो राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत हर गाँव में हरियाली महोत्सव के तहत रोपे जा रहे पौधों के रख-रखाव के लिये पौध मित्र नियुक्त किए हैं। पौध मित्रों को पौधरोपण के लिये मनरेगा से आर्थिक मदद भी दी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर रोपे जा रहे ये पौधे जब पेड़ बन जायेंगे तब उनसे होने वाली आमदनी का आधा हिस्सा पौध मित्र को और आधा हिस्सा संबंधित ग्राम पंचायत को मिलेगा। कलेक्टर जैन ने ग्राम बंधौली के शांतिधाम में जामुन का पौधा भी रोपा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह ने कटहल का पौधा लगाया। साथ ही अन्य अधिकारियों व ग्रामीणों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। कलेक्टर ने कहा कि मनरेगा के तहत सार्वजनिक स्थल पर यथासंभव फलदार पौधे रोपे जाएँ, जिससे वृक्ष मित्रों की आमदनी बढ़े। 
 
शांतिधाम में प्रदर्शित करें कि बीपीएल परिवार को अंत्येष्टि के लिये मिलती है मदद 
कलेक्टर राहुल जैन ने बंधौली के शांतिधाम के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के सभी शांतिधाम व मुक्तिधामों में बीपीएल परिवारों को दी जाने वाली मदद के बारे में जानकारी प्रदर्शित करें। मालूम हो गरीबी रेखा के नीचे जिंदगी बसर कर रहे परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु हो जाने पर राष्ट्रीय परिवार सहायता के तहत प्रभावित परिवार को 3 हजार रूपए की आर्थिक सहायता सरकार द्वारा दी जाती है।

Share This News :