Home > अपना शहर ,
शहर के बड़े विकास कार्यों को धरातल पर लाने के लिये हुआ विचार-मंथन: पवैया

उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने ली वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक
मुख्यमंत्री के साथ इन विकास कार्यों पर जिले के जनप्रतिनिधियों की भोपाल में होगी बैठक
ग्वालियर। ग्वालियर शहर के विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से हुई चर्चा के अनुसार उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। यहाँ व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार में आयोजित हुई इस अहम बैठक में खासतौर पर शहर के उन बड़े विकास कार्यों को धरातल पर लाने पर विचार मंथन हुआ, जिनका शहरवासी बड़ी शिद्दत के साथ इंतजार कर रहे हैं। इन कार्यों में एक हजार बिस्तर का अस्पताल व शहर की दीर्घकालिक पेयजल योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
बैठक में संभाग आयुक्त एस एन रूपला, कलेक्टर श्री राहुल जैन, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, मुख्य अभियंता जल संसाधन एन पी कोरी, मेडीकल कॉलेज के डीन डॉ. एस एन अयंगर, स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा तथा स्वास्थ्य, विद्युत, पीएचई, जल संसाधन व अन्य संबंधित विभागों के संभाग व जिला स्तमरीय अधिकारी मौजूद थे।
उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने एक हफ्ते में लंबित सभी प्रोजेक्ट की अध्ययन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा इन सभी प्रोजेक्ट की बाधायें दूर करने के लिये विधानसभा सत्र के दौरान भोपाल में मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय सांसद, महापौर व विधायकगण सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण संयुक्त रूप से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भोपाल में आयोजित होने जा रही इस अहम बैठक में शहर के लंबित विकास कार्यों के संबंध में समाधानकारक निर्णय लिए जायेंगे। जिससे शहर के लंबित विकास कार्य जल्द से जल्द मूर्त रूप ले सकेंगे। संभाग आयुक्त रूपला एवं कलेक्टर जैन ने उच्च शिक्षा मंत्री को भरोसा दिलाया कि बैठक में जिन विकास कार्यों पर चर्चा हुई है उन सभी प्रोजेक्ट की वस्तुस्थिति की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द तैयार कर प्रस्तुत की जायेगी। अधिकारी द्वय ने कहा कि प्रस्तावित कार्य स्थलों का भ्रमण कर यह रिपोर्ट तैयार की जायेगी।

दीर्घकालिक पेयजल आपूर्ति की योजनाओं का तुलनात्मक अध्ययन
ग्वालियर शहर की वर्ष 2050 तक पेयजल आपूर्ति के लिये विभिन्न दीर्घकालिक पेयजल योजनाओं पर बैठक में विचार मंथन हुआ। इनमें से तीन योजनाओं का तुलनात्मक अध्ययन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश उच्च शिक्षा मंत्री ने मुख्य अभियंता जल संसाधन और अधीक्षण यंत्री पीएचई को दिए। इन योजनाओं में वर्तमान में प्रचलित तिघरा पेयजल सिस्टम का विस्तार, हरसी से आरोन होते हुए सांक नदी के माध्यम से तिघरा जलाशय को भरना और चंबल नदी प्रोजेक्ट शामिल हैं। पवैया ने कहा कि सबसे कारगर प्रोजेक्ट को राज्य शासन से मंजूरी दिलाई जायेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे पेयजल प्रोजेक्ट को अंतिम रूप दें, जिससे सिंचाई का रकबा बढ़े और शहर की पेयजल आपूर्ति भी हो सके।

लक्ष्मीबाई समाधि से किलागेट तक फ्लाई ओव्हर
उच्च शिक्षा मंत्री ने ग्वालियर उपनगर क्षेत्र के लिये बेहतर आवागमन की सुविधा मुहैया कराने के मकसद से लक्ष्मीबाई समाधि से किलागेट पुल तक फ्लाई ओव्हर का प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश कार्यपालन यंत्री सेतु निगम को दिए। उन्होंने कहा नाले के ऊपर यह फ्लाई ओव्हर बनाने के लिये प्रोजेक्ट बनायें, जिससे स्थानीय बस्तियों के निवासियों की परिसम्पत्तियाँ सुरक्षित रहें।

मिलों के बंद होने से बेरोजगार हुए लोगों के लिये लूम प्रोजेक्ट पर विचार
मंत्री पवैया ने बैठक मे कहा कि ग्वालियर हजीरा उपनगर क्षेत्र में जेसीमिल, सिमको व ग्रेसिम मिल बंद हो जाने से बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हुए हैं। इन मिलों से जुड़े हुनरमंद लोगों को रोजगार मुहैया कराने के लिये हजीरा क्षेत्र में पॉवर लूम परियोजना स्थापित करने की योजना बनायें। कलेक्टर श्री जैन ने इस दिशा में पहल करने का भरोसा दिलाया।

अन्य खास बातें व निर्देश
 1000 बिस्तर के अस्पताल की डीपीआर के आधार पर भोपाल की बैठक के लिये प्रस्ताव तैयार करें।
 रेसकोर्स रोड़ से गार्डर वाली पुलिया होते हुए तानसेन रोड़ आरओबी और यादव धर्मकांटा शताब्दीपुरम के समीप स्वीकृत आरओबी अगस्त 2018 तक पूरे करें। पड़ाव आरओबी का निर्माण दीपावली के पहले पूरा होगा।
 वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पर डेढ़ करोड़ की लागत से प्रस्तावित विकास कार्य जल्द से जल्द धरातल पर लाएँ। यहाँ नगर निगम के सहयोग से एक संग्रहालय भी बनेगा।
 मलगढ़ा चौराहे का संगीत सम्राट तानसेन की थीम पर होगा विकास। मंत्री श्री पवैया ने कहा तानसेन समारोह से पहले पूरा हो यह काम।
 सिविल हॉस्पिटल हजीरा को 100 शैय्या का करने के काम में तेजी लाएँ।
 लधेड़ी प्रसूतिगृह की सुविधायें और सुदृढ़ करें और सिविल अस्प ताल में चिकित्सकों की कमी नहीं रहे।
 शहर के पार्कों की विकास योजनाओं को मूर्त रूप देने में तेजी लायें। आनंद नगर पार्क का भी सौंदर्यीकरण करें। कलेक्टर ने कहा स्मार्ट सिटी, जनभागीदारी व नगर निगम के सहयोग से होगा पार्कों का विकास।
सिटी ट्रांसपोर्ट व्यवस्था लागू करने में यह ध्यान रहे कि ऑटो चालकों के हित सुरक्षित रहें। सागरताल रोड़ सहित अन्य ग्वालियर क्षेत्र के अन्य मार्गों पर यातायात के साधन मुहैया कराएँ।

Share This News :