Homeखास खबरे,अपना मध्यप्रदेश,
अब जबलपुर में होगी नरोत्तम की याचिका पर सुनवाई

ग्वालियर। पेड न्यूज मामले में निर्वाचन आयोग द्वारा अयोग्य ठहराये गये राज्य के जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के मामले की सुनवाई अब मप्र उच्च न्यायालय की जबलपुर की मुख्य पीठ में होगी। 10 जुलाई को मप्र के मुख्य न्यायधीश नरोत्तम मिश्रा की याचिका पर सुनवाई करेंगे। ग्वालियर खंडपीठ से उनका प्रकरण जबलपुर भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग ने पेड न्यूज के एक मामले में मप्र के जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को दोषी मानते हुये अयोग्य करार दिया था। उन्होंने इस फैसले के खिलाफ मध्यप्रदेश के उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। इस याचिका पर विगत दिवस ग्वालियर खंडपीठ में जब सुनवाई का समय आया तो वकीलों की हड़ताल के कारण दोनों पक्ष के वकील उनकी ओर से पेश नहीं हो सके थे। मामले में जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने न्यायाधीश के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए चुनाव आयोग के फैसले पर स्टे मांगा था तो प्रतिवादी कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती ने स्टे का विरोध किया था। इस हाईप्रोफाइल मामले में आज हाईकोर्ट ने एक कार्यालयीन आदेश जारी कर डॉ. नरोत्तम मिश्रा की याचिका को जबलपुर खंडपीठ स्थानांतरित कर दिया है। अब 10 जुलाई को इस प्रकरण में जबलपुर की मुख्य पीठ में सुनवाई होगी।

Share This News :