BJP नेताओं के ट्रैक्टर ने वन रक्षक को कुचला, अभी तक पकड़ा गया सिर्फ मंडल मंत्री
मुरैना। मध्य प्रदेश के चंबल अंचल स्थित मुरैना जिले के दिमनी में अवैध रेत का परिवहन रोकने के विरोध में बुधवार को ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर वन रक्षक की हत्या के मामले में वन विभाग ने गुरुवार को भाजपा नेता पवन तोमर और सोनू चौहान के विरुद्ध भी वन संरक्षण अधिनियम और अवैध रेत परिवहन की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। उन दोनों के खिलाफ यह कार्रवाई उनके नाम ट्रैक्ट्रर-ट्राली होने पर की गई। पुलिस ने सोनू को हिरासत में लिया है, जबकि पवन फरार हो गया।
उल्लेखनीय है कि वन रक्षक को कुचलने वाले ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी को पुलिस बुधवार को ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसी ने ट्रैक्टर दोनों भाजपा नेताओं के नाम होने की जानकारी दी। अलबत्ता, चेसिस नंबर के आधार पर यह ट्रैक्टर राजस्थान के बूंदी जिले के भंवरलाल के नाम दर्ज पाया गया।
इस पर मुरैना बूंदी पहुंची तो भंवर लाल ने ट्रैक्टर को स्टांप पर लिखा-पढ़ी के बाद विक्रय करने की बात कही। पुलिस की छानबीन में यह भी सामने आया है कि यह ट्रैक्टर पांच से अधिक बार स्टांप पर सौदा करके बेचा गया।
दोनों आरोपी भाजपा से जुड़े
बता दें कि मुरैना में बुधवार अलसुबह अवैध रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी ने वन रक्षक हरिकेश गुर्जर की कुचलकर हत्या कर दी। वन रक्षक ने रेत पकड़ने के लिए ट्रैक्टर को रुकवाने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी चालक विनोद कोरी को गिरफ्तार किया, तो उसने बताया कि ट्रैक्टर का संचालन कुथियाना गांव के पवन तोमर व सोनू चौहान कर रहे हैं। पवन तोमर दिमनी भाजपा मंडल का उपाध्यक्ष है। सोनू भी भाजपा से ही जुड़ा है।रासुका की कार्रवाई के निर्देश
घटना के बाद गुरुवार को मुरैना में पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख दिखाया। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ और एसपी समीर सौरभ ने अवैध खनन में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ जिलाबदर और रासुका की कार्रवाई के निर्देश दिए। तय किया कि रेत के वाहन निकलने वाले रास्तों पर वन विभाग और पुलिस के अधिकार मिलकर नाके लगाएंगे।