Homeअपना शहर ,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
वाह कांग्रेसियों: हारे तो ईवीएम खराब, जीते तो ईवीएम अच्छी : डॉ. नरोत्तम

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के जलसंसाधन एवं जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि कांग्रेस जब चुनावों में हारने को होती है तो वह ईवीएम में खराबी सहित अन्य आरोप लगाती है। उन्होंने कहा कि यदि झूठे मतदाताओं की जानकारी कांग्रेस को हो तो वह चुनाव आयोग के पास जाकर शिकायत क्यों नहीं करती। उन्होंने कहा कि चुनाव भाजपा जीते तो ईवीएम खराब और उप चुनाव में कांग्रेस जीते तो ईवीएम अच्छी ।
मंत्री डॉ. मिश्रा आज यहां केन्द्र सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों को बताने के लिए पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। डॉ. मिश्रा ने एक प्रश्र के उत्तर में कहा कि कांग्रेस के पास कोई बोलने के लिए मुददा नहीं है। वह तो अभी से हारने पर क्या कहना है उसकी जमीन तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक निष्पक्ष संस्था है। यह पूछे जाने पर कि एक जून से दस जून तक किसान आंदोलन है और इसके चलते सब्जियों के दाम बढे है और किसान अपना दूध सडक़ों पर वहा रहे हैं के जबाब में डॉ. मिश्रा ने कहा कि जो आंदोलन है उसमें किसान कहां हैं। सोशल मीडिया पर जो फोटो आ रहे हैं उसमें युवा बेहतरीन कपडे पहने हुए दूध और सब्जी फेंकते स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति करना चाह रही है। उन्होंने ईशारों में कहा कि जो नेता हैं उसमें कौन किसान है बताएं। दतिया और डबरा से चुनाव लडने वाले हैं के प्रश्र पूछे जाने पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि डबरा सीट सुरक्षित है उसपर कैसे लडूंगा मैं दतिया से ही चुनाव लडूंगा। मंहगांई को लेकर पूछे प्रश्न के उत्तर में डॉ. मिश्रा ने कहा कि मंहगाई पहले से कम है। पहले दालों से लेकर अन्य जिंस के भाव आसमान पर थे लेकिन आज सभी दालों के भाव ६०-७० के आस पास ही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में हर रोज एक घोटाला सामने आता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के चार वर्ष के कार्यकाल में कांग्रेस ने आरोप तो कई लगाए लेकिन कोई भी आरोप वह सिद्ध नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार विश्व पटल पर अग्रणी रही है। वहीं जन अपेक्षाओं पर भी खरी उतरी है। पेट्रोल के बढे दामों पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि इस पर धीरे धीरे दाम कम होना शुरू हो गये हैं। आपको जल्द ही और दाम कम होते दिखेंगे।

Share This News :